RANCHI:एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंटों में शुमार 135वें डूरंड कप 2026 की तीनों ऐतिहासिक ट्रॉफियां शनिवार को रांची पहुंच गईं. दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन के केरकेट्टा ऑडिटोरियम में आयोजित ट्रॉफी शोकेस कार्यक्रम में पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम में आईबीजी-23 के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल सज्जन सिंह सम्मानित अतिथि रहे. इस दौरान डूरंड कप, प्रेसिडेंट्स कप और शिमला ट्रॉफी का प्रदर्शन किया गया. सेना के अधिकारियों, खेल विभाग के प्रतिनिधियों, फुटबॉल प्रेमियों और मीडिया ने ट्रॉफियों का उत्साह के साथ स्वागत किया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि झारखंड लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की सफल मेजबानी कर रहा है. उनके अनुसार डूरंड कप जैसे ऐतिहासिक टूर्नामेंट का रांची में आयोजन राज्य के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कहा कि इससे झारखंड में फुटबॉल को नई पहचान मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा. उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
वहीं मेजर जनरल सज्जन सिंह ने कहा कि डूरंड कप सिर्फ एक फुटबॉल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि भारतीय सेना की गौरवशाली परंपरा, अनुशासन और खेल भावना का प्रतीक है. उन्होंने रांची और झारखंड के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की.
इस वर्ष डूरंड कप का 135वां संस्करण देश के छह शहरों में आयोजित किया जा रहा है. रांची में सभी मुकाबले 26 जुलाई से 16 अगस्त तक बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले जाएंगे. टूर्नामेंट में देश के प्रमुख फुटबॉल क्लबों के साथ सर्विसेज की टीमें भी हिस्सा लेंगी, जिससे रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद बढ़ गई है.
डूरंड कप की शुरुआत वर्ष 1888 में शिमला के अन्नाडेल मैदान से हुई थी. यह एशिया का सबसे पुराना और दुनिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंटों में शामिल है. वर्ष 1940 में मोहम्मडन स्पोर्टिंग इस प्रतियोगिता का खिताब जीतने वाला पहला भारतीय नागरिक क्लब बना था. वर्ष 2019 के बाद से टूर्नामेंट का आयोजन बहु-राज्य और बहु-शहर प्रारूप में किया जा रहा है, जिसमें रांची लगातार मेजबान शहरों में शामिल रहा है.
ट्रॉफी शोकेस के साथ ही राजधानी रांची में डूरंड कप 2026 का औपचारिक आगाज हो गया है. अब फुटबॉल प्रेमियों की निगाहें 26 जुलाई से शुरू होने वाले मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां देश की दिग्गज टीमें प्रतिष्ठित खिताब जीतने के लिए मैदान में उतरेंगी.

