विधानसभा मार्च से पहले झारखंड में हाई अलर्ट, सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश

विधानसभा मार्च से पहले झारखंड में हाई अलर्ट, सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश

Ranchi: झारखंड में 7 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा मार्च और विभिन्न संगठनों द्वारा किए जाने वाले विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए राज्य का पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. संभावित भीड़ और कानून-व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ब्रांच ने सभी जिलों के उपायुक्तों (DC) और पुलिस अधीक्षकों (SP) को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित की जाएं.

स्पेशल ब्रांच की ओर से जारी पत्र में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही कुछ पोस्ट का भी उल्लेख किया गया है. इन पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में सक्रिय छात्र नेता नेहा बोरा 7 अगस्त को झारखंड पहुंच सकती हैं. बताया जा रहा है कि वह विधानसभा मार्च में भाग लेने के साथ-साथ आंदोलन कर रहे छात्रों के धरना स्थल पर भी पहुंच सकती हैं और उनके आंदोलन के समर्थन में अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकती हैं. हालांकि, प्रशासन ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी जिलों को सतर्क रहने को कहा गया है.

खुफिया इनपुट में यह भी जानकारी सामने आई है कि भाकपा (माले) की ओर से भी युवाओं और समर्थकों से बड़ी संख्या में विधानसभा मार्च में शामिल होने की अपील की गई है. ऐसे में विभिन्न संगठनों और छात्र समूहों की भागीदारी के कारण बड़ी संख्या में लोगों के राजधानी पहुंचने की संभावना जताई जा रही है. इसी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी शुरू कर दी है.

स्पेशल ब्रांच ने अपने निर्देश में कहा है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे संदेशों और पोस्ट की लगातार निगरानी की जाए तथा किसी भी सूचना पर कार्रवाई से पहले उसका सत्यापन सुनिश्चित किया जाए. साथ ही स्थानीय प्रशासन को अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कानून के अनुरूप आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है. अधिकारियों का मानना है कि समय रहते सतर्कता बरतने से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी और किसी भी संभावित अव्यवस्था को रोका जा सकेगा. प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं.