रांची(RANCHI): झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. 18 जून यानी कल दो सीटों के लिए मतदान होना है, और इसे शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं.
राज्यसभा चुनाव को देखते हुए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है. किसी भी घटना को रोकने और चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए सुरक्षा योजना लागू की गई है. राजधानी रांची में स्पेशल ब्रांच, सीआईडी और इनकम टैक्स विभाग के अधिकारियों को सादे लिबास में तैनात किया गया है. जो गतिविधियों पर पैनी नजर रखेगे.
करीब 20 स्पेशल ब्रांच के अधिकारी और कर्मचारी रांची में अलग-अलग जगहों पर तैनात किए गए हैं. ये सभी कर्मी बिना पहचान उजागर किए लगातार निगरानी कर रहे हैं और समय-समय पर मुख्यालय को रिपोर्ट भेज रहे हैं.
सूत्र बताते हैं कि होटल रेडिशन, झारखंड विधानसभा, मुख्यमंत्री आवास और राजनीतिक दलों के कार्यालयों को निगरानी के दायरे में रखा गया है. इन जगहों पर नेताओं की आवाजाही और बैठकों पर नजर रखी जा रही है. इसके अलावा, विधायकों की रणनीतियों पर भी गहन निगरानी की जा रही है. खुफिया एजेंसियां लगातार सूचनाएं जुटा रही हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पहचान समय रहते की जा सके और तुरंत कार्रवाई की जा सके.
सुरक्षा एजेंसियों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक हर गतिविधि पर नजर रखें और किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों तक पहुंचाएं. सुरक्षित और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह गंभीर है. भले ही यह निगरानी आम लोगों को कम दिखाई देती हो, लेकिन इसके पीछे एक मजबूत सुरक्षा तंत्र लगातार सक्रिय रहता है, जो चुनाव की पारदर्शिता सुनिश्चित करता है

