Health Crisis : झारखंड में तीन दिनों से 108 एंबुलेंस सेवा ठप, मरीजों की बढ़ी मुश्किलें
झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल से इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं. 4 घंटे में 3248 कॉल आईं, लेकिन सिर्फ 58 मरीजों को एंबुलेंस मिली. मरीजों को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचना पड़ रहा है. एंबुलेंस कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार से दुर्घटना में घायल लोगों, गंभीर मरीजों और प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिलाओं को अस्पताल पहुंचने में परेशानी हुई.
रांची (RANCHI): झारखंड को आज 26 साल हो गए है. ऐसे में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर हर बार सवाल खड़े ही होते आ रहे है. ऐसे में 108 इमरजेंसी एंबुलेंस सेवा को लेकर भी सवाल उठने लगे है. ऐसे में 108 इमरजेंसी एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों के काम को लेकर बहिष्कार का असर अब मरीजों की जिंदगी पर पड़ने लगा है. वेतन भुगतान, बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली समेत अन्य मांगों को लेकर कर्मचारियों के आंदोलन से राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा बेहाल हो गई है. दरअसल, दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक 108 एंबुलेंस सेवा के लिए 3248 कॉल आईं, लेकिन इनमें केवल 58 मरीजों को ही एंबुलेंस उपलब्ध हो सकी. एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण कई मरीजों को निजी वाहन, ऑटो और कैब से अस्पताल पहुंचना पड़ा. इससे गरीब और ग्रामीण परिवारों पर इलाज के साथ अतिरिक्त परिवहन खर्च का बोझ भी बढ़ गया है.

4 घंटे में 3248 कॉल, सिर्फ 58 मरीजों को मिली मदद
एंबुलेंस कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार से दुर्घटना में घायल लोगों, गंभीर मरीजों और प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिलाओं को अस्पताल पहुंचने में परेशानी हुई. ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में स्थिति ज्यादा गंभीर रही. कई परिवारों को खुद वाहन की व्यवस्था करनी पड़ी. हालांकि, रिम्स और सदर अस्पताल सहित कुछ स्थानों पर उपलब्ध एंबुलेंस के जरिए गंभीर मरीजों को सेवा दी गई.
राज्य में 313 एंबुलेंस में केवल 188 चालू
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत राज्य में एंबुलेंस सेवा की व्यवस्था पहले से सीमित है. वर्तमान में 313 एंबुलेंस में केवल 188 चालू हालत में हैं. राजधानी में भी 36 एंबुलेंस के मुकाबले करीब 20 का ही परिचालन हो रहा है. कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार से व्यवस्था पर और दबाव बढ़ गया है.

निजी वाहन से अस्पताल पहुंचने को मजबूर मरीज
108 एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को निजी वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा और कैब का सहारा लेना पड़ रहा है. रांची सदर अस्पताल पहुंचे कई मरीजों ने बताया कि अस्पताल तक आने में उन्हें 400 से 800 रुपये तक खर्च करने पड़े. सिंह मोड़ से एक परिवार घायल पिता को करीब 20 किलोमीटर दूर निजी वाहन से अस्पताल लेकर पहुंचा. इसके लिए लगभग 800 रुपये देने पड़े. वहीं, कांके के चटकपुर से गैंगरीन पीड़ित मरीज को ऑटो से अस्पताल लाया गया, जिसमें 400 रुपये किराया लगा. मरीज की पत्नी के अनुसार, पति का पैर काटना पड़ा है और एंबुलेंस नहीं मिलने से उनकी परेशानी और बढ़ गई.
NHM कार्यालय के बाहर कर्मचारियों का प्रदर्शन
झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के बैनर तले 200 से 300 चालक और कर्मचारियों ने नामकुम स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया. कर्मचारी लंबित वेतन भुगतान, बर्खास्त कर्मियों की बहाली और अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. अधिकारियों के साथ वार्ता विफल होने के बाद संघ ने अनिश्चितकालीन हड़ताल तेज करने की चेतावनी दी है.

स्वास्थ्य विभाग सख्त, संचालक को नोटिस
हड़ताल को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती दिखाई है. स्वास्थ्य मंत्री ने एंबुलेंस संचालक को नोटिस जारी कर हड़ताल कर रहे कर्मचारियों से एंबुलेंस की चाबियां जमा कराने का निर्देश दिया है. साथ ही चेतावनी दी गई है कि हड़ताल के कारण किसी की जान जाने की स्थिति में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मरीजों की परेशानी बढ़ती जा रही है और एंबुलेंस सेवा बहाल होने का इंतजार है. अब देखना होगा इस मामले को लेकर आगे क्या देखने को मिलेगा.