रांची की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, सड़क पर दौड़ेंगी 6 नई पिंक बसें

रांची में महिलाओं के लिए छह नई 32-सीटर पिंक सिटी बसें जल्द शुरू होंगी. नगर निगम ने खरीद के लिए टेंडर जारी कर दिया है, जिससे पिंक बसों की संख्या चार से बढ़कर 10 हो जाएगी.

रांची की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, सड़क पर दौड़ेंगी 6 नई पिंक बसें

रांची: रांची में महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन को और बेहतर बनाने की दिशा में नगर निगम ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है. शहर में जल्द ही छह नई महिला स्पेशल पिंक सिटी बसें शामिल की जाएंगी. इन बसों के सड़कों पर उतरने के बाद रांची में पिंक बसों की संख्या चार से बढ़कर 10 हो जाएगी. नई बसों की खरीद के लिए रांची नगर निगम ने बुधवार को टेंडर जारी कर दिया है. निविदा प्रक्रिया के तहत 22 अगस्त को प्री-बिड मीटिंग होगी, जबकि आठ सितंबर को टेंडर खोला जाएगा. इसके बाद चयनित एजेंसी के माध्यम से बसों की खरीद और संचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

32 सीटों वाली होंगी नई पिंक बसें

नगर निगम द्वारा खरीदी जाने वाली सभी छह बसें 32 सीटर होंगी. इन्हें खास तौर पर महिला यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर संचालित किया जाएगा. मौजूदा समय में पिंक सिटी बसें महिलाओं के लिए शहर के सार्वजनिक परिवहन का अहम माध्यम बनी हुई हैं. नई बसों के आने से इस सेवा की क्षमता बढ़ेगी और अधिक संख्या में छात्राओं, कामकाजी महिलाओं तथा अन्य महिला यात्रियों को इसका लाभ मिल सकेगा.

दो साल से उठ रही थी बसों की संख्या बढ़ाने की मांग

रांची में पिंक बसों की संख्या बढ़ाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी. करीब दो वर्षों से महिलाएं और युवतियां बसों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रही थीं. खासकर कचहरी से बिरसा चौक के बीच यात्रा करने वाली महिलाओं का कहना था कि मौजूदा बसें यात्रियों की संख्या के हिसाब से पर्याप्त नहीं हैं. रोजाना ऑटो से सफर करना कई लोगों के लिए महंगा साबित होता है, जबकि भीड़भाड़ के कारण चढ़ने और उतरने में भी परेशानी होती है. ऐसे में पिंक बसों को महिलाएं सुविधाजनक और किफायती विकल्प मानती हैं.

कचहरी-बिरसा चौक रूट पर बढ़ेगी सुविधा

फिलहाल पिंक सिटी बसों का संचालन कचहरी से बिरसा चौक के बीच किया जा रहा है. इस रूट पर बड़ी संख्या में छात्राएं और कामकाजी महिलाएं रोजाना सफर करती हैं. छह नई बसों के शामिल होने से इस मार्ग पर बसों की उपलब्धता बढ़ने और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है.

आम यात्रियों के लिए भी आएंगी 17 बसें

महिला स्पेशल बसों के साथ नगर निगम सामान्य यात्रियों के लिए 17 नई सिटी बसें भी खरीद रहा है. इन बसों में महिला और पुरुष दोनों यात्रा कर सकेंगे. इनकी खरीद प्रक्रिया अंतिम चरण में बतायी जा रही है. नई बसों के बेड़े में शामिल होने के बाद राजधानी की सामान्य सिटी बस सेवा भी मजबूत होगी.

नगर निगम की यह योजना रांची की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को विस्तार देने की दिशा में अहम मानी जा रही है. आबादी और रोजाना सफर करने वालों की संख्या बढ़ने के साथ शहर में बेहतर बस सेवा की जरूरत भी बढ़ी है. छह पिंक और 17 सामान्य सिटी बसों के जुड़ने से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि टेंडर से लेकर बसों को सड़क पर उतारने तक की प्रक्रिया कितनी तेजी से पूरी होती है.