रांची (RANCHI): झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्वयं अपना गणना (एन्यूमरेशन) प्रपत्र भरकर संबंधित बूथ स्तर अधिकारी (BLO) को सौंपा. लोक भवन, रांची में आयोजित इस प्रक्रिया के दौरान उन्होंने राज्य के सभी पात्र नागरिकों से समय पर मतदाता सत्यापन कराने की अपील की.

राज्यपाल ने 63-रांची विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-16 के लिए नियुक्त बूथ स्तर पदाधिकारी मंजू कच्छप को हस्ताक्षरित प्रपत्र सौंपा. इस अवसर पर झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार, रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री तथा निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ)-सह-अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत भी मौजूद रहे.

इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि मतदाता सूची को सटीक और अद्यतन बनाए रखना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए बेहद आवश्यक है. उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि जब बूथ स्तर पदाधिकारी (BLO) उनके घर गणना प्रपत्र लेकर पहुंचें, तो वे बिना विलंब उसे सही जानकारी के साथ भरकर हस्ताक्षर सहित वापस करें. इससे सभी पात्र भारतीय नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज किया जा सकेगा और भविष्य में मतदान संबंधी किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी.

राज्यपाल ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं भी दीं. उन्होंने विश्वास जताया कि निर्वाचन विभाग के समर्पित प्रयासों से राज्य के प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सकेगा और यह अभियान पूरी पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता के साथ सफल होगा. उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही मतदाता सूची अधिक सटीक, विश्वसनीय और त्रुटिरहित बन सकेगी, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक मजबूत होगी.

