झारखण्ड सरकार ने जारी किया वर्ष 2027 का अवकाश कैलेंडर: कुल 23 राजपत्रित और 18 कार्यपालक छुट्टियां घोषित, अधिसूचना जारी
झारखंड सरकार ने 2027 के सार्वजनिक अवकाश कैलेंडर को मंजूरी दे दी है. सरकारी कर्मचारियों को कुल 41 सार्वजनिक छुट्टियां मिलेंगी, जिनमें 23 राजपत्रित और 18 कार्यपालक आदेश के तहत घोषित अवकाश शामिल हैं.
रांची (RANCHI): झारखंड सरकार ने वर्ष 2027 के लिए सरकारी कार्यालयों, सरकारी उपक्रमों और राष्ट्रीयकृत बैंकों में सार्वजनिक एवं अन्य अवकाश का कैलेंडर मंजूर कर दिया है. बुधवार को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में अवकाश सूची पर मुहर लगाई गई. सरकार द्वारा स्वीकृत कैलेंडर के अनुसार, वर्ष 2027 में सरकारी कर्मचारियों को कुल 41 सार्वजनिक अवकाश मिलेंगे. इनमें 23 छुट्टियां नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स (एनआई) एक्ट के तहत राजपत्रित अवकाश हैं, जबकि 18 छुट्टियां कार्यपालक आदेश के तहत निर्धारित की गई हैं. इसके अतिरिक्त कर्मचारियों को प्रत्येक रविवार का नियमित साप्ताहिक अवकाश भी मिलता रहेगा.
राजपत्रित अवकाशों की सूची में राष्ट्रीय पर्वों के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व के त्योहारों को शामिल किया गया है. वर्ष की शुरुआत 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवकाश से होगी. इसके बाद 6 मार्च को महाशिवरात्रि और 10 मार्च को ईद-उल-फितर की छुट्टी रहेगी. मार्च में 22 मार्च को होलिका दहन, 23 मार्च को होली और 26 मार्च को गुड फ्राइडे का अवकाश घोषित किया गया है. अप्रैल महीने में 9 अप्रैल को सरहुल, 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती, 15 अप्रैल को रामनवमी और 19 अप्रैल को महावीर जयंती पर सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे.
मई महीने में 17 मई को ईद-उल-जुहा यानी बकरीद और 20 मई को बुद्ध पूर्णिमा के साथ पंडित रघुनाथ मुर्मू जयंती का अवकाश रहेगा. इसके बाद 16 जून को मुहर्रम और 25 अगस्त को जन्माष्टमी की छुट्टी निर्धारित की गई है. झारखंड के प्रमुख लोक पर्व करमा पूजा के अवसर पर 11 सितंबर को अवकाश रहेगा. वहीं, 2 अक्तूबर को महात्मा गांधी जयंती पर सरकारी कार्यालयों में छुट्टी रहेगी.
दुर्गापूजा के अवसर पर कर्मचारियों को लगातार तीन दिन अवकाश मिलेगा. कैलेंडर के अनुसार, 7 अक्तूबर को महाअष्टमी, 8 अक्तूबर को महानवमी और 9 अक्तूबर को विजयादशमी की छुट्टी घोषित की गई है. इसके बाद 29 अक्तूबर को दीपावली का अवकाश रहेगा. लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के लिए भी सरकार ने दो दिन की छुट्टी तय की है. 4 नवंबर को सूर्य षष्ठी के सायंकालीन अर्घ्य और 5 नवंबर को प्रातःकालीन अर्घ्य के अवसर पर अवकाश रहेगा. वर्ष का अंतिम राजपत्रित अवकाश 25 दिसंबर को क्रिसमस के दिन होगा.
सरकार ने रविवार को पड़ने वाले पर्वों को लेकर भी नियम स्पष्ट किया है. वर्ष 2027 में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस रविवार के दिन पड़ रहा है. इसी तरह 14 नवंबर को मिलाद-उन-नबी यानी ईद-ए-मिलाद और गुरु नानक जयंती भी रविवार को पड़ेंगे. रविवार को पड़ने वाले इन पर्वों के लिए सामान्य राजपत्रित अवकाश सूची में अलग से अतिरिक्त छुट्टी नहीं दी जाएगी. हालांकि, जिन प्रतिष्ठानों में रविवार सामान्य कार्यदिवस होता है, वहां 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अवकाश रहेगा.