दिवाली पर नकली शराब के कारोबार पर सरकार सख्त, अवैध कारोबारियों पर होगी कार्रवाई

त्योहार को देखते हुए झारखंड में शराब के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने की तैयारी तेज हो गई है. त्योहार के दौरान शराब की मांग बढ़ने का फायदा उठाकर नकली शराब की बिक्री, तस्करी और अवैध भंडारण करने वालों पर उत्पाद एवं आबकारी विभाग की विशेष नजर है. उत्पाद विभाग की कार्रवाई का दायरा केवल अवैध शराब की बरामदगी तक सीमित नहीं रहेगा. विभाग की टीमें शराब दुकानों में भी जांच करेंगी.

दिवाली पर नकली शराब के कारोबार पर सरकार सख्त, अवैध कारोबारियों पर होगी कार्रवाई

रांची (RANCHI): दिवाली का त्योहार सर पर है, ऐसे में दिवाली को लेकर प्रशासन अलर्ट में है. शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है. ऐसे में  त्योहार को देखते हुए झारखंड में शराब के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने की तैयारी तेज हो गई है. त्योहार के दौरान शराब की मांग बढ़ने का फायदा उठाकर नकली शराब की बिक्री, तस्करी और अवैध भंडारण करने वालों पर उत्पाद एवं आबकारी विभाग की विशेष नजर है. इसे रोकने के लिए विभाग ने राज्यभर में जांच और छापेमारी अभियान तेज कर दिया है. अलग-अलग जिलों में उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. खास तौर पर नकली शराब बनाने वाली इकाइयों और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है.

नकली शराब बनाने और बेचने वालों पर होगी कार्रवाई

उत्पाद विभाग की कार्रवाई का दायरा केवल अवैध शराब की बरामदगी तक सीमित नहीं रहेगा. विभाग की टीमें शराब दुकानों में भी जांच करेंगी. इस दौरान शराब की बिक्री से जुड़े नियमों का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी पड़ताल की जाएगी. बिना होलोग्राम वाली शराब बेचने और बोतल पर दर्ज अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से अधिक कीमत वसूलने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई की जाएगी. विभाग का मकसद त्योहार के दौरान लोगों को असली और सुरक्षित शराब उपलब्ध कराना है, ताकि नकली और मिलावटी शराब के सेवन से होने वाले नुकसान को रोका जा सके.

आबकारी अधिनियम के तहत होगी सख्त कार्रवाई

उत्पाद एवं आबकारी विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने स्पष्ट किया है कि नकली शराब बनाने, उसका भंडारण करने और तस्करी में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी. इसमें अवैध शराब की जब्ती, भारी जुर्माना और दोषियों को जेल भेजने तक का प्रावधान है. मंत्री ने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और अवैध कारोबार की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. त्योहार के दौरान विभाग की टीमें निर्माण से लेकर बिक्री तक हर स्तर पर नजर रखेंगी. विभाग का जोर अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के साथ शराब की दुकानों में पारदर्शी बिक्री व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी है.