रक्षा बंधन से पहले मंईयां के खाते में पहुंची खटा खट राशि,धनबाद में 3.5 लाख के खाते में पहुंची किस्त

धनबाद जिले की 3 लाख 46 हजार 084 महिलाओं को रक्षाबंधन से पहले जुलाई 2026 की सम्मान राशि का भुगतान कर दिया गया है. सरकार की ओर से लाभुक बहनों के बैंक खातों में आधार-बेस्ड भुगतान के माध्यम से सीधे राशि भेजी गई है.

रक्षा बंधन से पहले मंईयां के खाते में पहुंची खटा खट राशि,धनबाद में 3.5 लाख के खाते में पहुंची किस्त

धनबाद: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत धनबाद जिले की 3 लाख 46 हजार 084 महिलाओं को रक्षाबंधन से पहले जुलाई 2026 की सम्मान राशि का भुगतान कर दिया गया है. सरकार की ओर से लाभुक बहनों के बैंक खातों में आधार-बेस्ड भुगतान के माध्यम से सीधे राशि भेजी गई है.

इस संबंध में धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले की कुल 3,46,084 लाभुक महिलाओं के खातों में 86 करोड़ 52 लाख 10 हजार रुपये की राशि अंतरित की गई है. राशि मिलने से लाभुक महिलाओं में खुशी का माहौल है. सरकार का उद्देश्य इस योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग देना है.

जिले के विभिन्न प्रखंड एवं शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाओं को योजना का लाभ मिला है. आंकड़ों के अनुसार बाघमारा प्रखंड में 44,189, बाघमारा अंचल में 7,373, बलियापुर प्रखंड में 21,370 और बलियापुर अंचल में 1,136 लाभुक शामिल हैं.

धनबाद प्रखंड क्षेत्र में 7,024 और अंचल क्षेत्र में 32,382 महिलाओं को राशि मिली है. एग्यारकुण्ड प्रखंड में 16,660 तथा अंचल में 5,297, जबकि गोविंदपुर प्रखंड में सबसे अधिक 50,485 और अंचल क्षेत्र में 853 लाभुक हैं.

इसके अलावा झरिया अंचल की 44,341, कलियासोल की 19,894, निरसा की 23,715, पूर्वी टुंडी की 9,721, पुटकी की 18,132, तोपचांची की 27,020 और टुंडी की 16,492 महिलाओं को भी सम्मान राशि का भुगतान किया गया है.

रक्षाबंधन से पहले राशि खाते में पहुंचने से महिलाओं को आर्थिक मदद मिलने के साथ त्योहार की खुशियां भी बढ़ी हैं. प्रशासन ने बताया कि योजना के तहत पात्र लाभुकों तक राशि पहुंचाने की प्रक्रिया आधार आधारित भुगतान प्रणाली के जरिए की गई है.