महापर्व: राँची से जमशेदपुर तक छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, अस्ताचलगामी सूर्य को व्रतियों ने दिया अर्घ्य
बोकारो से जमशेदपुर तक छठ घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ा. व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया. सिदगोड़ा सूर्य मंदिर घाट पर रघुवर दास भी पहुंचे.
रांची(RANCHI): लोक आस्था के महापर्व छठ की छटा पूरे झारखंड में देखने को मिल रही है. चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के तीसरे दिन रविवार को गुमला, बोकारो और जमशेदपुर समेत अलग अलग जिलों के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. व्रतियों ने नदी और तालाबों में उतरकर पूरे विधि-विधान से अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया. इस दौरान घाटों पर छठी मइया के गीतों और पूजा के पारंपरिक मंत्रों से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा. व्रतियों ने भगवान सूर्य से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की.
बोकारो के छठ घाटों पर दिखी आस्था की अद्भुत तस्वीर
बोकारो जिले के विभिन्न छठ घाटों पर सुबह से ही तैयारियां देखने को मिलीं. शाम होते-होते घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी. व्रती अपने परिवार के सदस्यों के साथ पूजा की सामग्री और फल-सूप लेकर घाट पहुंचे. नदी और तालाबों में खड़े होकर व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया. महापर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई थीं. जिले के आला अधिकारी भी अलग-अलग छठ घाटों पर पहुंचकर इंतजामों का जायजा लेते नजर आए. अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लोगों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं.

जमशेदपुर के सूर्य मंदिर घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का हुजूम
जमशेदपुर में भी छठ महापर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला. शहर के नदी घाटों से लेकर विभिन्न पूजा स्थलों तक छठ की रौनक रही. खासकर सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. यहां व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की. इस मौके पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी सूर्य मंदिर छठ घाट पहुंचे. सूर्य मंदिर के संरक्षक रघुवर दास ने श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया. उन्होंने सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं.
उषा अर्घ्य के साथ पूरा होगा महापर्व
छठ पूजा के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद अब व्रती चौथे और अंतिम दिन की पूजा की तैयारी में जुट गए हैं. सोमवार की सुबह उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा. इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण होगा और चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जाएगा.
रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा, संजीव कुमार, सुशील कुमार सिंह