चार बार के JMM विधायक निरल पूर्ति को मिलेगा उत्कृष्ट विधायक सम्मान, 22 नवंबर को विधानसभा में होंगे सम्मानित
झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस पर मझगांव से JMM विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित किया जाएगा.
झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस पर मझगांव से JMM विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित किया जाएगा.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में इस बार मझगांव से झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक के सम्मान से नवाजा जाएगा. विधानसभा की उत्कृष्ट विधायक चयन समिति ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है. निरल पूर्ति पश्चिम सिंहभूम जिले के मझगांव विधानसभा क्षेत्र से लगातार चार बार विधायक चुने जा चुके हैं. उन्हें 22 नवंबर को आयोजित विधानसभा स्थापना दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा.
उत्कृष्ट विधायक के चयन को लेकर शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में चयन समिति की बैठक हुई. बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे. बैठक के दौरान विभिन्न निर्धारित मानकों पर चर्चा और विचार-विमर्श किया गया. इसके बाद सर्वसम्मति से निरल पूर्ति को इस सम्मान के लिए चुना गया.
दरअसल, झारखंड विधानसभा के स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर हर साल एक विधायक को उनके उत्कृष्ट संसदीय योगदान के लिए सम्मानित करने की परंपरा है. इस सम्मान के चयन में सदन के भीतर विधायक की सक्रियता, जनहित से जुड़े सवालों को उठाने, विधायी कार्यों में भागीदारी और संसदीय नियमों एवं मर्यादाओं के पालन जैसे पहलुओं को ध्यान में रखा जाता है.
उत्कृष्ट विधायक सम्मान का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को सदन में बेहतर प्रदर्शन करने और अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने के लिए प्रोत्साहित करना है. इस बार यह सम्मान मझगांव विधायक निरल पूर्ति को दिया जाएगा.