रांची (RANCHI): राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में सामने आए सामूहिक दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार आरोपी विशाल उर्फ मोहित वर्मा का आपराधिक इतिहास भी अब सामने आने लगा है. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पहले भी गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था.
जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2023 में विशाल उर्फ मोहित वर्मा को एदलाहातू इलाके में एक घर के अंदर बम बनाने की गतिविधि में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. उस दौरान उसके साथ गिरोह के चार अन्य सदस्य भी पकड़े गए थे. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा था.
रिहाई के बाद फिर अपराध की राह पर लौटा
बताया जा रहा है कि हाल ही में जेल से रिहा होने के बाद विशाल फिर से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया. इसी दौरान बरियातू थाना क्षेत्र के एदलाहातू स्थित जोजो पहाड़ इलाके में 27 मई को एक विक्षिप्त युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने विशाल उर्फ मोहित वर्मा समेत राहुल और सन्नी लोहरा को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों ने मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था. घटना की जानकारी मिलने के बाद विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विशाल उर्फ मोहित वर्मा का नाम पहले भी लूट, छिनतई और अन्य आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है. जांच एजेंसियों का मानना है कि वह लंबे समय से आपराधिक गिरोहों के संपर्क में रहा है और क्षेत्र में कई घटनाओं में उसकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है.
बरियातू थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. यह मामला एक बार फिर इस सवाल को सामने ला रहा है कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों की रिहाई के बाद उन पर निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में कार्रवाई जारी है.