आदिवासी महोत्सव-2026 में Film Festival और Master Class का आयोजन, युवाओं को मिलेगा फिल्म मेकिंग का फ्री एक्सपोजर

आदिवासी महोत्सव-2026 में Film Festival और Master Class का आयोजन, युवाओं को मिलेगा फिल्म मेकिंग का फ्री एक्सपोजर

रांची (RANCHI): आदिवासी महोत्सव-2026 में फिल्म फेस्टिवल और मास्टर क्लास का आयोजन किया जाएगा. झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JFFDCL) की ओर से 9 अगस्त को रांची के मोराबादी मैदान में आयोजित इस खास कार्यक्रम में राज्य के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण और मीडिया इंडस्ट्री की बारीकियां सीखने का अवसर मिलेगा. कार्यक्रम में आदिवासी जीवन, स्वदेशी संस्कृति, सामाजिक सरोकारों और उत्कृष्ट सिनेमा पर आधारित फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी. इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए "फिल्म मेकिंग एंड करियर ऑपर्च्युनिटीज इन द फिल्म इंडस्ट्री" विषय पर विशेष मास्टर क्लास आयोजित होगी. JFFDCL ने विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग सहित अन्य शिक्षण संस्थानों से जनसंचार, पत्रकारिता, मीडिया स्टडीज, फिल्म स्टडीज, परफॉर्मिंग आर्ट्स और विजुअल कम्युनिकेशन जैसे विषयों के विद्यार्थियों को कार्यक्रम में शामिल कराने का अनुरोध किया है.

मास्टर क्लास का संचालन सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के विशेषज्ञों और प्राध्यापकों द्वारा किया जाएगा. इस दौरान विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण की मूलभूत तकनीकों के साथ विजुअल स्टोरीटेलिंग, पटकथा लेखन, निर्देशन, सिनेमैटोग्राफी, एडिटिंग और साउंड डिजाइन के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी. इसके अलावा फिल्म, टेलीविजन, ओटीटी और डिजिटल कंटेंट इंडस्ट्री में तेजी से बढ़ रहे करियर अवसरों पर भी विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे. विद्यार्थियों को यह भी बताया जाएगा कि सिनेमा और मीडिया के क्षेत्र में उच्च शिक्षा हासिल करने के साथ रोजगार और प्रोफेशनल ग्रोथ के कौन-कौन से रास्ते उपलब्ध हैं. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को केवल सिनेमा देखने तक सीमित रखने के बजाय उन्हें फिल्म निर्माण की प्रक्रिया और इसके पेशेवर पहलुओं से सीधे जोड़ना है.

झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन का मानना है कि आदिवासी महोत्सव के दौरान आयोजित यह पहल राज्य के युवा फिल्म और मीडिया विद्यार्थियों के लिए सीखने, रचनात्मक अभिव्यक्ति और करियर निर्माण का महत्वपूर्ण मंच साबित होगी. खास तौर पर झारखंड की आदिवासी संस्कृति और स्थानीय कहानियों को सिनेमा के माध्यम से सामने लाने की दिशा में भी यह कार्यक्रम अहम माना जा रहा है. गौरतलब है कि 22 जुलाई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में झारखंड राज्य फिल्म विकास निगम और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के बीच स्थानीय सूचना भवन में फिल्म इंस्टीट्यूट की स्थापना को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए थे. ऐसे में आदिवासी महोत्सव में होने वाला यह फिल्म फेस्टिवल और मास्टर क्लास झारखंड में फिल्म शिक्षा और स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.