बिजली बिल में गड़बड़ी की यहाँ करें शिकायत! रांची में 7 जगह लगेंगे विशेष कैंप, जानें कब और कहां होगा आयोजन

झारखंड स्थापना दिवस पर JBVNL रांची में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए 18 से 26 नवंबर तक सात विशेष कैंप लगाएगा.

बिजली बिल में गड़बड़ी की यहाँ करें शिकायत! रांची में 7 जगह लगेंगे विशेष कैंप, जानें कब और कहां होगा आयोजन

रांची (RANCHI): बिजली बिल में अनियमितता, गलत बिलिंग या बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है. अब अपनी शिकायतों के समाधान के लिए उन्हें बिजली विभाग के कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) की ओर से रांची में विशेष जन समस्या निवारण कैंप आयोजित किए जा रहे हैं. इसके तहत 18 से 26 नवंबर के बीच अलग-अलग दिनों में कुल सात कैंप लगाए जाएंगे. इनका आयोजन अशोक नगर, मेन रोड और हरमू विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में किया जाएगा.

सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक सुनी जाएंगी शिकायतें
विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल रांची (केंद्रीय) की ओर से इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. संबंधित अवर प्रमंडलों को अपने क्षेत्र में कैंप लगाकर उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनने और उनके निपटारे की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है. सभी निर्धारित कैंप सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे. इस दौरान उपभोक्ता बिजली बिल में गड़बड़ी, आपूर्ति में बाधा और अन्य विद्युत संबंधी समस्याएं विभाग के अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे.

यहां देखें कैंप का पूरा शेड्यूल
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 18 नवंबर को अशोक नगर क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए पुंदाग पावर सब स्टेशन (PSS) में कैंप लगाया जाएगा. वहीं, 19 नवंबर को मेन रोड क्षेत्र के उपभोक्ता सदर पावर सब स्टेशन में अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे. 20 नवंबर को मेन रोड क्षेत्र के लिए पॉलिटेक्निक पावर सब स्टेशन में कैंप आयोजित होगा, जबकि 21 नवंबर को सैनिक मार्केट में उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनी जाएंगी.

इसके अलावा 23 नवंबर को अशोक नगर, 25 नवंबर को चादरी और 26 नवंबर को हरमू में जन समस्या निवारण कैंप लगाया जाएगा. इन सात विशेष शिविरों का उद्देश्य बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान करना और उन्हें विभागीय सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराना है. ऐसे में संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ता निर्धारित तारीख और समय पर कैंप में पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रख सकते हैं.