रांची (RANCHI): जिले के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम एक बार फिर फुटबॉल मैच शुरू होने वाला है. एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के 135वें संस्करण के रांची चरण का आगाज आज यानी रविवार को होगा. इस टूर्नामेंट का उद्घाटन सीएम हेमंत सोरेन करेंगे. मैच से पहले आर्मी बैंड, फ्लाईपास्ट, स्काई डाइविंग, खुकरी मार्शल आर्ट, झारखंड की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और भांगड़ा जैसे रंगारंग कार्यक्रम दर्शकों को आकर्षित करेंगे. उसके बाद दोपहर दो बजे से स्टेडियम के गेट दर्शकों के लिए खोल दिए जाएंगे, जबकि प्री-शो और विशेष ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति के बाद शाम पांच बजे उद्घाटन मुकाबले की शुरुआत होगी.
बता दें, रांची चरण के पहले मैच में इंडियन सुपर लीग की टीम जमशेदपुर एफसी का सामना श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी से होगा. दोनों टीमें मुकाबले के लिए रांची पहुंच चुकी हैं और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है. ग्रुप-सी में जमशेदपुर एफसी, एससी दिल्ली, भारतीय वायुसेना फुटबॉल टीम और डिफेंडर्स एफसी शामिल हैं. आयोजन समिति ने मैदान, ड्रेसिंग रूम, मीडिया सेंटर, दर्शक दीर्घा और सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक इंतजाम पूरे होने का दावा किया है. जमशेदपुर एफसी के मुख्य कोच कैजाद अंबापार्दीवाला ने कहा कि टीम अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के संतुलन के साथ टूर्नामेंट में उतर रही है और जीत के साथ अभियान शुरू करना चाहती है. कप्तान प्रणॉय हल्दर ने भी पहले मैच में तीन अंक हासिल करने का लक्ष्य दोहराया.
आयोजकों ने दर्शकों से समय से पहले स्टेडियम पहुंचने की अपील की है ताकि वे पूरे उद्घाटन समारोह का आनंद ले सकें. सुरक्षा को देखते हुए कई वस्तुओं पर प्रतिबंध लगाया गया है. स्टेडियम में हथियार, नुकीली वस्तुएं, पटाखे, ज्वलनशील पदार्थ, बड़े बैग, बाहर का भोजन, पानी की बोतलें, शराब, तंबाकू उत्पाद, ड्रोन, पेशेवर कैमरे, ट्राइपॉड, बड़े पावर बैंक, हेलमेट, लंबे छाते, मेगाफोन, बड़े झंडे, लेजर पॉइंटर, एरोसोल स्प्रे और पालतू जानवर ले जाने की अनुमति नहीं होगी. प्रशासन ने दर्शकों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और सहयोग करने की अपील की है.

