मोरहाबादी बाजार में फिर पुरानी व्यवस्था की वापसी, वेंडिंग जोन को लेकर बढ़ा विवाद
मोरहाबादी मैदान में लगने वाले साप्ताहिक बाजार को व्यवस्थित करने की नगर निगम की कोशिश फिलहाल मुश्किल में पड़ती दिख रही है. बाजार को मुख्य सड़क से हटाकर रजिस्ट्री ऑफिस के पास बने वेंडिंग जोन में बसाने का फैसला लिया गया था, लेकिन अब इस जगह को लेकर विवाद शुरू हो गया है.
रांची(RANCHI): मोरहाबादी मैदान में लगने वाले साप्ताहिक बाजार को व्यवस्थित करने की नगर निगम की कोशिश फिलहाल मुश्किल में पड़ती दिख रही है. बाजार को मुख्य सड़क से हटाकर रजिस्ट्री ऑफिस के पास बने वेंडिंग जोन में बसाने का फैसला लिया गया था, लेकिन अब इस जगह को लेकर विवाद शुरू हो गया है. वेंडिंग जोन की जमीन पर धार्मिक झंडा लगा दिया गया है. साथ ही दुकानदारों को वहां दुकान नहीं लगाने की सलाह दी जा रही है. इस पूरे घटनाक्रम के बाद कई दुकानदार फिर से सड़क किनारे अपनी दुकानें लगाने लगे हैं.
वेंडिंग जोन में दुकान लगाने से कतरा रहे दुकानदार
बताया जा रहा है कि कुछ स्थानीय लोगों की ओर से दुकानदारों को वेंडिंग जोन में दुकान लगाने से रोका जा रहा है. इससे फल और सब्जी बेचने वाले छोटे व्यापारियों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है. एक तरफ उन्हें निगम की ओर से तय जगह पर दुकान लगाने को कहा जा रहा है, तो दूसरी तरफ वहां दुकान लगाने को लेकर दबाव बनाया जा रहा है. नतीजा यह है कि बाजार को व्यवस्थित करने की योजना पर असर पड़ने लगा है.
टेंडर रद्द होने के बाद भी वसूली का आरोप
दरअसल, पहले मोरहाबादी का साप्ताहिक बाजार कचरा ट्रांसफर स्टेशन के पास लगता था. यहां दुकान लगाने वाले विक्रेताओं से ठेकेदार द्वारा पैसे वसूले जाने की शिकायत मिली थी. इसके बाद नगर निगम ने संबंधित टेंडर रद्द कर दिया. हालांकि, आरोप है कि टेंडर रद्द होने के बाद भी दुकानदारों से वसूली बंद नहीं हुई. इसी समस्या को देखते हुए निगम ने सभी दुकानदारों को रजिस्ट्री ऑफिस के पास बने वेंडिंग जोन में शिफ्ट करने का फैसला लिया था.
नगर आयुक्त ने दिया कार्रवाई का भरोसा
विवाद की जानकारी मिलने के बाद नगर आयुक्त ने दुकानदारों से वेंडिंग जोन में ही दुकान लगाने की अपील की है. उन्होंने साफ कहा है कि वहां दुकान लगाने के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा. अगर कोई व्यक्ति दुकानदारों को परेशान करता है या दुकान लगाने से रोकता है, तो इसकी जानकारी निगम को दें. ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. अब देखना होगा कि निगम इस विवाद को कैसे सुलझाता है और दुकानदारों को सुरक्षित तरीके से निर्धारित जगह पर दुकान लगाने का मौका कब मिलता है.