विधानसभा में आज SIR को लेकर चर्चा, हेमंत सोरेन पेश करेंगे सरकारी संकल्प

झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र आज से शुरू हो रहा है. इस सत्र के पहले दिन सदन में SIR को लेकर चर्चा होगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद इस मुद्दे पर सरकारी संकल्प पेश करेंगे. सरकार इस प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां सदन में रखेगी और इसमें बदलाव की मांग करेगी.

विधानसभा में आज SIR को लेकर चर्चा, हेमंत सोरेन पेश करेंगे सरकारी संकल्प

रांची(RANCHI): झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र आज से शुरू हो रहा है. इस सत्र के पहले दिन सदन में SIR को लेकर चर्चा होगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद इस मुद्दे पर सरकारी संकल्प पेश करेंगे. सरकार इस प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां सदन में रखेगी और इसमें बदलाव की मांग करेगी. लेकिन सवाल है कि आखिर SIR को लेकर झारखंड सरकार को क्या परेशानी है और वह इस प्रक्रिया को रोकने की मांग क्यों कर रही है?

क्या है सरकार की सबसे बड़ी शिकायत

दरअसल, SIR के तहत मतदाता सूची की जांच और नए सिरे से सत्यापन किया जा रहा है. सरकार का कहना है कि इस प्रक्रिया में दस्तावेजों की मांग और नियमों की जटिलता के कारण बड़ी संख्या में आम लोगों को परेशानी हो रही है. खासकर ग्रामीण, आदिवासी और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए जरूरी दस्तावेज जुटाना आसान नहीं है.

सरकार के मुताबिक, झारखंड में कुल 2.64 करोड़ मतदाता हैं, लेकिन प्रारूप मतदाता सूची में सिर्फ 2.21 करोड़ लोगों के नाम ही शामिल किए गए. यानी करीब 16 फीसदी मतदाताओं के नाम सूची में नहीं दिखे. इसके अलावा प्रारूप सूची में शामिल करीब 27 फीसदी मतदाताओं को संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किए गए.

नाम और उम्र की छोटी गलतियां भी बनी परेशानी

सरकार की एक बड़ी आपत्ति यह है कि कई मामलों में छोटी-छोटी गलतियों को भी संदेह का आधार बनाया जा रहा है. जैसे माता-पिता के नाम की स्पेलिंग में अंतर, उम्र से जुड़ी जानकारी में गड़बड़ी और परिवार के सदस्यों के रिकॉर्ड में अंतर.

सरकार का दावा है कि नोटिस जारी किए गए मामलों में 75 फीसदी से ज्यादा मामले ऐसी ही तार्किक विसंगतियों से जुड़े हैं. इससे उन लोगों को भी परेशानी हो रही है जो वास्तव में वैध मतदाता हैं.

आदिवासी, बुजुर्ग और मजदूरों पर ज्यादा असर

झारखंड सरकार ने अपने प्रस्ताव में आदिवासी समुदाय, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह यानी PVTG, बुजुर्गों, महिलाओं और प्रवासी मजदूरों की समस्याओं का भी जिक्र किया है. कई ग्रामीण परिवारों के पास पुराने दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं. वहीं, दूसरे राज्यों में काम करने वाले मजदूरों और बाहर पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए तय समय में सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करना मुश्किल हो रहा है.

क्या चाहती है झारखंड सरकार

सरकार चाहती है कि फिलहाल SIR की मौजूदा प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए. इसके बाद सभी राज्यों और राजनीतिक दलों से बातचीत कर नए सिरे से सरल और पारदर्शी नियम बनाए जाएं, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से बाहर न हो.

वहीं, भाजपा ने सरकार की इस पहल को राजनीतिक मुद्दा बताया है. पार्टी का कहना है कि SIR चुनाव आयोग की संवैधानिक प्रक्रिया है.

ऐसे में आज विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर तीखी बहस होने की संभावना है. अब देखना होगा कि सदन में SIR को लेकर सरकार की आपत्तियों और विपक्ष के सवालों के बीच क्या सहमति बनती है.