धनबाद: मंदिर के पास मिला 32 वर्षीय युवक का शव, पत्नी ने जताया हत्या का संदेह, पुलिस जांच में जुटी
धनबाद के चिरकुंडा में पंचमुखी मंदिर के पास 32 वर्षीय राहुल शर्मा का शव मिला. पत्नी ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर हत्या करने का संदेह जताया है.
धनबाद के चिरकुंडा में पंचमुखी मंदिर के पास 32 वर्षीय राहुल शर्मा का शव मिला. पत्नी ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर हत्या करने का संदेह जताया है.
धनबाद (DHANBAD): चिरकुंडा थाना क्षेत्र से एक घटना सामने आई है जहां पंचमुखी मंदिर के पास शुक्रवार को 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों की नजर मंदिर के समीप पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना चिरकुंडा थाना पुलिस को दी. जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. मृतक की पहचान राहुल शर्मा के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद उसके पिता विधूत शर्मा और अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे.
परिजनों के अनुसार, राहुल सामान्य जीवन जी रहा था और करीब चार दिन पहले ही अपनी पत्नी के साथ अलग मकान में रहने गया था. राहुल के दो बेटे हैं, जिनमें से एक अपने दादा-दादी के साथ रहता है. परिवार के मुताबिक, अलग रहने के कुछ ही दिनों बाद राहुल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शुक्रवार सुबह अचानक शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया. घटना के बाद राहुल की पत्नी ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पत्नी ने आशंका जताई है कि राहुल के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी मौत हुई.
हालांकि, युवक की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. पत्नी की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है. चिरकुंडा थाना पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की सही वजह सामने आ सकेगी. पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने के साथ मृतक के परिजनों से भी जानकारी ले रही है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.