भूख हड़ताल के 16वें दिन देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ी, BP लगातार हो रहा लो

भूख हड़ताल के 16वें दिन देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ गई. सदर अस्पताल में जांच के दौरान उनका BP 84/39 mmHg दर्ज हुआ. उन्हें सीने में दर्द, चक्कर, सांस लेने में परेशानी और कमजोरी की शिकायत है.

भूख हड़ताल के 16वें दिन देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ी, BP लगातार हो रहा लो

रांची (RANCHI): झारखंड में छात्रों का आंदोलन लगातार बढ़ता जा रहा है. ऐसे में JPSC-JSSC विवाद को लेकर छात्रों के आंदोलन का आज 24वां दिन है और छात्र अपनी मांगों पर अब भी डटे हुए हैं. इस बीच भूख हड़ताल के 16वें दिन देवेंद्र नाथ महतो की स्वास्थ्य स्थिति लगातार बिगड़ने की जानकारी सामने आई है. 17 अगस्त 2026 को सदर अस्पताल में हुई जांच के दौरान उनका ब्लड प्रेशर 84/39 mmHg दर्ज किया गया. बताया गया कि 15 अगस्त के बाद से उनकी तबीयत में लगातार गिरावट देखी जा रही है और उनका BP दिन-ब-दिन कम हो रहा है. ऐसे में स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बीच भी देवेंद्र नाथ महतो ने अपनी भूख हड़ताल जारी रखी है. डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और नियमित रूप से आवश्यक जांच की जा रही है.

जानकारी के अनुसार, देवेंद्र नाथ महतो को सीने में दर्द, चक्कर आने, सांस लेने में परेशानी और शरीर में बढ़ती कमजोरी की शिकायत है. जांच के दौरान उनके शरीर में कीटोन की मात्रा भी पाई गई है. लंबे समय से भोजन नहीं लेने के कारण उनकी शारीरिक स्थिति पर असर पड़ने की बात सामने आ रही है. सदर अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है. स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए लगातार मेडिकल मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी गंभीर बदलाव की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाया जा सके.

अस्पताल में देवेंद्र नाथ महतो की एक्स-रे, रक्त जांच, शुगर जांच समेत अन्य जरूरी मेडिकल टेस्ट कराए जा रहे हैं. डॉक्टरों की टीम जांच रिपोर्ट और उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति के आधार पर आगे की निगरानी कर रही है. लगातार चिकित्सा जांच और इलाज के बावजूद उन्होंने भूख हड़ताल समाप्त नहीं की है. उनके समर्थकों और आंदोलन से जुड़े लोगों की नजर अब उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर बनी हुई है. वहीं, लगातार कम हो रहे BP, कमजोरी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों के कारण स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई है. डॉक्टरों की निगरानी में उनकी हालत का आकलन लगातार जारी है.