JPSC-JSSC भर्ती में पारदर्शिता की मांग, छात्रों का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह जारी

JPSC-JSSC भर्ती में पारदर्शिता की मांग, छात्रों का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह जारी

रांची(RANCHI): JPSC और JSSC की भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है. रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अभ्यर्थी पिछले आठ दिनों से अनिश्चितकालीन सत्याग्रह पर बैठे हैं. छात्रों का कहना है कि जब तक भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और भरोसेमंद नहीं बनाई जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.

CBI जांच की मांग पर अड़े छात्र

THE NEWS POST की टीम से बातचीत में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि उनकी सबसे बड़ी मांग 14वीं JPSC परीक्षा की जांच CBI से कराने की है. उनका कहना है कि मामले की जांच CID के बजाय CBI जैसी एजेंसी से होनी चाहिए, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके. छात्रों का यह भी कहना है कि JPSC और JSSC की पूरी भर्ती प्रक्रिया में सुधार किया जाए और भविष्य में सभी परीक्षाएं निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जाएं.

देशभर से मिल रहा आंदोलन को समर्थन

प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने बताया कि कई अभ्यर्थी नौकरी, पढ़ाई या बाकी कारणों से रांची नहीं पहुंच पा रहे हैं. इसके बावजूद वे अलग-अलग राज्यों और शहरों से आंदोलन में बैठे छात्रों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था करवा रहे हैं. छात्रों का कहना है कि यह सिर्फ एक धरना नहीं, बल्कि पूरे राज्य के युवाओं की आवाज है, इसलिए हर कोई अपने-अपने तरीके से इसमें सहयोग कर रहा है.

संविधान, गांधी और अंबेडकर के साथ दे रहे संदेश

सत्याग्रह में शामिल छात्र अपने साथ भारतीय संविधान की प्रति लेकर बैठे हैं. कई छात्र महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें भी लेकर पहुंचे हैं. उनका कहना है कि वे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं. छात्रों का कहना है कि उनका आंदोलन किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग के लिए है.