रांची (RANCHI): केरल के वायनाड में हुए भीषण लैंडस्लाइड में राहत बचाव जारी है. अभी तक मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है. गुरुवार को राहत एवं बचाव अभियान के दौरान आपदा स्थल से तीन और शव बरामद किए गए. जिला प्रशासन के अनुसार, मृतकों में बिहार और झारखंड के दो प्रवासी मजदूर भी शामिल हैं. बिहार के मृतक की पहचान मोहम्मद इमरान के रूप में हुई है, जबकि झारखंड के प्रवासी मजदूर का नाम अनमोल डोडराई बताया गया है. इस हादसे के बाद प्रभावित इलाके में लगातार राहत और खोज अभियान जारी है.
जिला अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार को मिले तीनों शव प्रवासी श्रमिकों के हैं. इनमें उत्तर प्रदेश के सर्वेक्षणकर्ता अजहरुद्दीन अंसारी, हिमाचल प्रदेश के इंजीनियर राहुल शर्मा और बिहार निवासी एक्सकेवेटर ऑपरेटर मोहम्मद इमरान शामिल हैं. केरल सरकार के मंत्री एपी अनिल कुमार और टी. सिद्दिक ने बताया कि एक शव भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र से, जबकि दो अन्य शव पास की नदी से बरामद किए गए. उन्होंने कहा कि सभी शवों का पोस्टमार्टम व्यिथिरी तालुक अस्पताल में कराया जाएगा और बाद में उन्हें कोझिकोड सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुरक्षित रखा जाएगा.
मंत्रियों के अनुसार, राहत एवं बचाव दल फिलहाल भूस्खलन प्रभावित इलाके के जोन-1 और जोन-2 में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं. साथ ही नदी के किनारे भी खोज अभियान तेज कर दिया गया है, क्योंकि आशंका है कि मलबे के साथ कुछ लोग बह गए होंगे. उल्लेखनीय है कि 7 जुलाई को वायनाड और कोझिकोड जिलों को जोड़ने वाली अनाक्कोम्पोयिल-मेप्पाडी सुरंग परियोजना के निर्माण स्थल पर भूस्खलन हुआ था. फिलहाल इस हादसे में दो लोग अब भी लापता हैं. मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने कहा है कि लापता लोगों की तलाश सर्वोच्च प्राथमिकता है. वहीं, हादसे में घायल 10 लोगों में से तीन को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, चार की हालत स्थिर है, जबकि तीन मरीज आईसीयू में भर्ती हैं, जिनमें दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है.

