राज्यसभा चुनाव में नाथवानी के नाम पर घमासान, नामांकन रद्द करने की मांग को लेकर कांग्रेस का धरना प्रदर्शन

राज्यसभा चुनाव में नाथवानी के नाम पर घमासान, नामांकन रद्द करने की मांग को लेकर कांग्रेस का धरना प्रदर्शन

रांची (RANCHI): झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है. निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के नामांकन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. बुधवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नाथवानी का नामांकन रद्द करने की मांग को लेकर विधानसभा परिसर में धरना दिया. इस दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई.

धरना-प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र और शपथ पत्र में कई महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाई गई हैं. इसके बावजूद उनके नामांकन पर अंतिम निर्णय नहीं लिया जा रहा है. कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ बताते हुए चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए.

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि परिमल नाथवानी का नामांकन तत्काल रद्द किया जाना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि नामांकन से जुड़े गंभीर तथ्यों को नजरअंदाज किया जा रहा है और किसी के दबाव में मामले को होल्ड पर रखा गया है. राजेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी और जब तक नाथवानी का नामांकन रद्द नहीं होता, तब तक पार्टी का विरोध जारी रहेगा.

उन्होंने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आयोग निष्पक्ष संस्था की तरह काम करने के बजाय भाजपा के एजेंट की भूमिका निभा रहा है. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि नामांकन में त्रुटियां और तथ्य छिपाने के आरोप सामने आए हैं, तो नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए.

वहीं कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता एम तौसीफ ने भी चुनाव आयोग और भाजपा पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि भाजपा पहले एक बड़े उद्योगपति को समर्थन देती है और अब नामांकन में कथित त्रुटियां सामने आने के बावजूद उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा और पूरे मामले में दोहरे मापदंड अपनाए जा रहे हैं. फिलहाल राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है और अब सभी की नजरें चुनाव आयोग तथा रिटर्निंग ऑफिसर के अगले फैसले पर टिकी हैं.

रिपोर्ट : समीर हुसैन