रांची (RANCHI): दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रैक के नवीनीकरण कार्य के कारण यात्रियों को अगले कुछ दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. रेलवे ने महालीमोरूप और सीनी स्टेशन के बीच रेल पटरियों की मजबूती के लिए स्लीपर बदलने का विशेष अभियान शुरू किया है. इसी वजह से 14 जून तक कई मेमू ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है और कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 12 से 14 जून के बीच डाउन लाइन पर ट्रैक रिन्यूअल ट्रेन (TRT) की मदद से पुराने स्लीपर बदले जाएंगे. इस कार्य के लिए सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक ब्लॉक लिया जाएगा, जिससे संबंधित रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी. रेलवे का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और ट्रैक की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए यह कार्य जरूरी है.
इन ट्रेनों का परिचालन रहेगा प्रभावित
रेलवे की ओर से जारी सूचना के मुताबिक—
चाकुलिया–टाटानगर मेमू ट्रेन 13 जून तक रद्द रहेगी.
टाटानगर–बड़बिल मेमू ट्रेन 13 जून तक नहीं चलेगी.
बड़बिल–टाटानगर मेमू ट्रेन 12 और 14 जून को रद्द रहेगी.
टाटानगर–चाकुलिया मेमू ट्रेन 12 और 14 जून को संचालित नहीं होगी.
राउरकेला–टाटानगर मेमू ट्रेन 12 जून को रद्द रहेगी.
टाटानगर–राउरकेला मेमू ट्रेन भी 12 जून को नहीं चलेगी.
रोजाना सफर करने वालों की बढ़ेगी मुश्किल
इन ट्रेनों के रद्द होने का सबसे ज्यादा असर डेली पैसेंजर्स पर पड़ेगा. बड़ी संख्या में छात्र, नौकरीपेशा लोग और छोटे कारोबारी इन मेमू ट्रेनों के जरिए रोजाना सफर करते हैं. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके. रेलवे को उम्मीद है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ट्रैक की क्षमता और सुरक्षा दोनों बेहतर होंगी तथा ट्रेनों का संचालन फिर से सामान्य हो जाएगा.

