दिल्ली में विपक्ष की ताकत दिखाएंगे सीएम हेमंत, रामलीला मैदान की रैली में होंगे शामिल, सांसदों को भी पहुँचने के निर्देश
झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन शुक्रवार को दिल्ली पहुंच गए. वह एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्ष की रैली में शामिल होंगे.
रांची (RANCHI): झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन शुक्रवार को दिल्ली पहुंच गए. वह एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्ष की रैली में शामिल होंगे. इस कार्यक्रम में झामुमो के सांसदों के साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे. पार्टी की ओर से सभी सांसदों को रैली में शामिल होने का निर्देश जारी किया गया है.
दरअसल, कांग्रेस ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में 'वोट बचाओ-देश बचाओ' और 'वोट चोर-गद्दी छोड़' के नारे के साथ रैली और मार्च आयोजित किया है. इसमें कांग्रेस के अलावा देशभर के विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के जुटने की तैयारी है. रैली में शामिल होने के लिए विपक्षी नेताओं का दिल्ली पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है.
इस रैली के जरिए विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने की तैयारी में है. विपक्षी दल एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. ऐसे में विपक्ष के प्रमुख नेताओं की एक मंच पर मौजूदगी से केंद्र सरकार पर राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश होगी.
कांग्रेस ने इस आयोजन को किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं रखा है. राहुल गांधी ने सभी विपक्षी दलों से रैली में शामिल होने की अपील की है. उनका कहना है कि एसआईआर में कथित गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर सभी दलों को एकजुट होना चाहिए. कांग्रेस का उद्देश्य इस रैली के माध्यम से केंद्र की मोदी सरकार को यह संदेश देना है कि चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को अब स्वीकार नहीं किया जाएगा और मुख्य चुनाव आयुक्त को पद छोड़ना होगा.