झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा का होगा समापन, CM हेमंत सोरेन देंगे 9,097 करोड़ की योजनाओं की सौगात

रांची में शनिवार को दो बड़े आयोजनों को लेकर सुरक्षा कड़ी रहेगी. 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 9097 करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे. समारोह में 42 पुलिसकर्मियों को पदक और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान मिलेगा.
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा का होगा समापन, CM हेमंत सोरेन देंगे 9,097 करोड़ की योजनाओं की सौगात

रांची (RANCHI): झारखंड दिवस को लेकर चल रहे कार्यक्रम का आज यानी शनिवार को समापन होने वाला है . ऐसे में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को खेलगांव में आयोजित राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन समारोह में शामिल होंगे. इसी को लेकर आज रांची में दो बड़े आयोजनों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है. एक ओर आदिवासी संगठनों की ओर से काला दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर खेलगांव में राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा का समापन समारोह होगा. दोनों कार्यक्रमों को देखते हुए शहर में करीब 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. सुरक्षा व्यवस्था में 15 डीएसपी भी शामिल हैं.

शहर के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और कार्यक्रम स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है. सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी एसएसपी राकेश रंजन कर रहे हैं. सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि दोनों आयोजनों को देखते हुए पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है. सभी पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित क्षेत्र में सतर्क रहने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है.

9097 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को खेलगांव में आयोजित राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन समारोह में शामिल होंगे. इस दौरान राज्य को करीब 9097 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात मिलेगी. मुख्यमंत्री कुल 1643 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे. इनमें सड़क निर्माण से जुड़ी 100 और कल्याण विभाग की 400 योजनाएं शामिल हैं. इसके अलावा पहले से पूरी हो चुकी योजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा.

मेधावी विद्यार्थियों और पुलिसकर्मियों का होगा सम्मान

समारोह में शिक्षा और पुलिस सेवा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया जाएगा. आईसीएसई, सीबीएसई और जैक बोर्ड के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मान मिलेगा. वहीं, सात आईपीएस अधिकारियों समेत कुल 42 पुलिस अधिकारियों और जवानों को वीरता एवं सराहनीय सेवा के लिए पदक प्रदान किए जाएंगे.

पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) नरेंद्र कुमार सिंह और रांची एसएसपी राकेश रंजन समेत 13 अधिकारियों एवं कर्मियों को मुख्यमंत्री वीरता पदक दिया जाएगा. वहीं, सीआईडी आईजी असीम विक्रांत मिंज, एटीएस एसपी राजकुमार मेहता और गोड्डा एसपी मुकेश कुमार समेत 29 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को झारखंड पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा.