नीति आयोग की अहम बैठक में शामिल होंगे सीएम हेमंत सोरेन, दिल्ली हुए रवाना

नीति आयोग की अहम बैठक में शामिल होंगे सीएम हेमंत सोरेन, दिल्ली हुए रवाना

रांची (RANCHI): देश के विकास एजेंडे और भविष्य की रणनीतियों पर मंथन के लिए नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक 11 जून को नई दिल्ली में आयोजित होने जा रही है. प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली इस हाई-प्रोफाइल बैठक में हिस्सा लेने के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार दोपहर दिल्ली रवाना हो गए.

बैठक को लेकर झारखंड सरकार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. राज्य सरकार ने बैठक में शामिल होने वाले वरिष्ठ अधिकारियों की सूची को अंतिम रूप देकर नीति आयोग को भेज दिया है. इस संबंध में नीति आयोग की मुख्य कार्यकारी अधिकारी निधि छिब्बर ने झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार को पत्र भेजकर आवश्यक जानकारी साझा की है.

जानकारी के अनुसार, इस बार गवर्निंग काउंसिल की बैठक का मुख्य विषय "विकसित भारत के लिए मानव पूंजी" रखा गया है. बैठक में मानव संसाधन विकास, कौशल वृद्धि, शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. इसके अलावा दिसंबर 2025 में आयोजित मुख्य सचिवों के पांचवें राष्ट्रीय सम्मेलन में तय की गई प्राथमिकताओं और सिफारिशों पर भी विचार-विमर्श होगा.

सीएम के साथ ये अधिकारी भी होंगे शामिल
नीति आयोग की बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ राज्य के कई वरिष्ठ अधिकारी भी हिस्सा लेंगे. इनमें मुख्य सचिव अविनाश कुमार, योजना एवं विकास विभाग के सचिव मुकेश कुमार, दिल्ली स्थित झारखंड के रेजिडेंट कमिश्नर अरवा राजकमल तथा योजना एवं विकास विभाग की अपर सचिव विजया जाधव शामिल हैं. बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री को बैठक में शामिल होने के लिए नीति आयोग के उपाध्यक्ष की ओर से अलग से औपचारिक आमंत्रण भी भेजा गया है. ऐसे में इस बैठक को झारखंड के विकास संबंधी मुद्दों और राज्य की प्राथमिकताओं को राष्ट्रीय मंच पर रखने के लिए अहम माना जा रहा है.