जमशेदपुर हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार की मौत पर CM हेमंत ने जताया दुख, बोले- ‘शब्दों से परे है यह पीड़ा’
जमशेदपुर के दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई. CM हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख जताया.
जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने झारखंड को गहरे सदमे में डाल दिया है. हादसे में राज्य की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस हादसे को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में NH पर हुए सड़क हादसे में उनकी सरकार की साथी मंत्री और बहन दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत अन्य लोगों के निधन की खबर से वह बेहद व्यथित हैं.
सीएम ने कहा कि किसी माता-पिता के लिए अपनी संतान को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. उन्होंने इस कठिन समय में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और हादसे में जान गंवाने वाले अन्य लोगों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना जताई. मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि इस अपूरणीय क्षति को सहना परिवारों के लिए बेहद कठिन है. उन्होंने प्रार्थना की कि मरांग बुरु दिवंगत आत्माओं को शांति दें और शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख से उबरने की शक्ति प्रदान करें.