रांची (RANCHI): देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. इस मौके पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया. ध्वजारोहण के बाद परेड और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर मोरहाबादी मैदान में सुरक्षा से लेकर व्यवस्थाओं तक के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि देश को आजादी कई बलिदानों के बाद मिली है. उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान ने देश के हर नागरिक को समान अधिकार दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड आने वाले समय में विकास की नई मिसाल पेश करेगा और राज्य को आगे ले जाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं और छात्रों के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में छात्रों से जुड़े विषय सामने आए हैं और सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि छात्रों के साथ न्याय हो. उन्होंने पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी को पूरे देश के सामने मौजूद चुनौती बताया.

हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए बेहतर नियमावली तैयार करने पर काम कर रही है. उन्होंने कहा कि JPSC और JSSC को लेकर ऐसी नियमावली बनाने की दिशा में काम किया जाएगा, जो देश के सामने एक उदाहरण पेश कर सके. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई करेगी. मोरहाबादी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में परेड की कमान फर्स्ट इन कमांड के रूप में 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राघवेंद्र शर्मा ने संभाली, जबकि सेकेंड इन कमांड की जिम्मेदारी अनिश मोमित कुजूर ने निभाई. परेड के दौरान जवानों ने अनुशासन और देशभक्ति का प्रदर्शन किया.
स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए मोरहाबादी मैदान और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. समारोह में आने वाले लोगों की सघन जांच की गई. निजी ड्रोन से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर रोक रही. केवल प्रशासन की ओर से अधिकृत ड्रोन के इस्तेमाल की अनुमति थी. कार्यक्रम स्थल पर मेडिकल टीम, अग्निशमन व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग, पेयजल, बिजली, जनरेटर और शौचालय समेत अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी. जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रहे.

शहीद स्थल पर भी होगा ध्वजारोहण
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मोरहाबादी मैदान के मुख्य समारोह के बाद शहीद चौक स्थित शहीद स्थल पर भी ध्वजारोहण किया. इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राजधानी में विभिन्न सरकारी और सार्वजनिक संस्थानों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए. मोरहाबादी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान देशभक्ति का माहौल देखने को मिला. तिरंगे के सम्मान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए लोगों ने देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों और एकता का संकल्प लिया.

