होटवार जेल में बंदियों से यौन हिंसा मामला: बाबूलाल मरांडी ने CM हेमंत को लिखा पत्र, CBI जांच और जेल IG के निलंबन की मांग

रांची के होटवार जेल में बंदियों के साथ कथित यौन हिंसा के मामले में बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर CBI जांच और जेल IG सुदर्शन प्रसाद मंडल के निलंबन की मांग की है.

होटवार जेल में बंदियों से यौन हिंसा मामला: बाबूलाल मरांडी ने CM हेमंत को लिखा पत्र, CBI जांच और जेल IG के निलंबन की मांग

रांची (RANCHI): होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंदियों के साथ कथित यौन हिंसा और जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. अब इस मामले में झारखंड की राजनीति भी गरमा गई है. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग की है. साथ ही उन्होंने जेल महानिरीक्षक (IG) सुदर्शन प्रसाद मंडल को तत्काल पद से हटाने और निलंबित करने की मांग उठाई है.

बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में जेल के भीतर एक विचाराधीन बंदी के साथ कथित तौर पर तीन बार सामूहिक यौनाचार किए जाने, नशीला पदार्थ पिलाने, शिकायतों को दबाने और समय पर उचित चिकित्सा सुविधा नहीं देने जैसे गंभीर आरोपों का जिक्र किया है. इस मामले में खेलगांव थाना में 12 नवंबर 2026 को कांड संख्या 0066/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. इसमें जेल अधीक्षक, वार्ड प्रभारी, चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है.

प्राथमिकी दर्ज करने में आठ दिन की देरी पर सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने मामले में प्राथमिकी दर्ज करने में हुई देरी को लेकर भी सवाल उठाए हैं. उनका दावा है कि पुलिस को इस घटना की जानकारी 4 नवंबर को ही मिल गई थी, लेकिन प्राथमिकी 12 नवंबर को दर्ज की गई. मरांडी ने पूछा है कि इतने गंभीर आरोप सामने आने के बावजूद कानूनी कार्रवाई शुरू करने में आठ दिनों का समय क्यों लगा. उन्होंने देरी के कारणों को सार्वजनिक करने और प्राथमिकी में लगाई गई धाराओं की पर्याप्तता की समीक्षा कराने की मांग की है.

जेल IG की भूमिका को लेकर निष्पक्ष जांच पर उठाए सवाल
बाबूलाल मरांडी ने जेल महानिरीक्षक सुदर्शन प्रसाद मंडल की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं. उनका कहना है कि जब जेल प्रशासन के शीर्ष अधिकारी की कार्यप्रणाली ही सवालों के घेरे में हो, तो राज्य की जांच एजेंसी से निष्पक्ष जांच की अपेक्षा करना उचित नहीं होगा. इसी आधार पर उन्होंने पूरे मामले को सीबीआई के हवाले करने की मांग की है.

अपने पत्र में मरांडी ने मई 2026 में जेल की एक महिला बंदी से जुड़े यौन शोषण के मामले का भी उल्लेख किया है. इस प्रकरण में झारखंड हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया था. उनके मुताबिक, 8 जून 2026 को पारित आदेश में भी जेल आईजी की जांच प्रक्रिया और राज्य की जांच एजेंसी की कार्यशैली पर असंतोष जाहिर किया गया था.

पुराने मामलों को भी CBI जांच के दायरे में लाने की मांग
मरांडी ने केवल मौजूदा मामले की जांच कराने की मांग नहीं की है, बल्कि मई 2026 के महिला बंदी से जुड़े प्रकरण और होटवार जेल में पहले सामने आए अन्य गंभीर मामलों को भी सीबीआई जांच के दायरे में शामिल करने का आग्रह किया है. उन्होंने संबंधित जेल अधिकारियों के साथ जेल आईजी को निलंबित करने और मामले में आरोपी बंदियों को दूसरे कारागारों में स्थानांतरित करने की मांग भी रखी है.

जेल IG की संपत्ति और वित्तीय लेनदेन की जांच की मांग
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में बाबूलाल मरांडी ने जेल आईजी की घोषित और वास्तविक संपत्ति की भी स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है. इसमें दूसरे राज्यों में संभावित निवेश, वित्तीय लेनदेन और आय से अधिक संपत्ति के पहलुओं की जांच शामिल है. इसके अलावा उन्होंने सीआईडी के स्तर पर किसी संभावित मिलीभगत और आरोपियों को संरक्षण दिए जाने की आशंका की भी जांच कराने की बात कही है.

मरांडी ने मुख्यमंत्री को यह भी याद दिलाया है कि गृह एवं कारा विभाग की जिम्मेदारी स्वयं हेमंत सोरेन के पास है. ऐसे में जेल के भीतर लगातार सामने आ रहे गंभीर आरोपों को लेकर सरकार की जवाबदेही बनती है. उन्होंने मुख्यमंत्री से पीड़ित की सुरक्षा सुनिश्चित करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया है.