RANCHI:झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 में शामिल होने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर है. झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) ने ऑनलाइन आवेदन में हुई गलतियों को सुधारने का अवसर दिया है. अभ्यर्थी 20 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक अपने आवेदन पत्र में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे. इसके लिए उन्हें JTET के ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपनी Login ID और Password के जरिए लॉगिन करना होगा.
JAC की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, आवेदन फॉर्म में दर्ज नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्मतिथि, पता, विषय समेत अन्य जानकारियों में अगर किसी तरह की गलती रह गई है, तो उसे निर्धारित अवधि के दौरान ठीक किया जा सकता है. हालांकि, ऐसे विवरणों में बदलाव की अनुमति नहीं दी जाएगी, जिनमें संशोधन करने पर आवेदन शुल्क की राशि में बदलाव होता हो.
अभ्यर्थियों को यह ध्यान रखना होगा कि आवेदन सुधार के लिए 20 से 31 अगस्त तक ही समय दिया गया है. परिषद ने इसे आवेदन में सुधार का अंतिम अवसर बताया है. तय समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी प्रकार के अनुरोध या आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा.
संशोधन पूरा करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन को Final Submit करना होगा. इसके साथ ही Final Application Form डाउनलोड करके सुरक्षित रखना भी जरूरी है. भविष्य में आवेदन में किए गए सुधार से जुड़ा कोई विवाद या दावा सामने आने पर यही अंतिम आवेदन पत्र मान्य दस्तावेज माना जाएगा. इसलिए अभ्यर्थियों को फॉर्म सबमिट करने से पहले सभी जानकारियों को अच्छी तरह जांच लेने की सलाह दी गई है.
इसके अलावा, वर्ष 2024 में आवेदन करने वाले कुछ अभ्यर्थियों के लिए भी JAC ने अहम सूचना जारी की है. जिन अभ्यर्थियों का पुराना मोबाइल नंबर या ई-मेल आईडी उपलब्ध नहीं था अथवा बंद हो चुका था, उन्होंने Candidate Validation Process के जरिए अपने विवरण के सत्यापन के लिए आवेदन किया था.
जिन उम्मीदवारों का पूरा विवरण सत्यापित हो चुका है, वे नए मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी की मदद से 20 से 31 अगस्त के बीच JTET 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. परिषद ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि के बाद उन्हें दोबारा मौका नहीं मिलेगा.
JAC ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन सुधार तथा जरूरी प्रक्रिया पूरी कर लें.

