झारखंड में नौकरी का मौका, JSFC में 6 पदों पर निकली भर्ती, इस डेट से करें अप्लाई

झारखंड में नौकरी का मौका, JSFC में 6 पदों पर निकली भर्ती, इस डेट से करें अप्लाई

रांची: झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड (JSFC) ने डिप्टी मैनेजर (ऑपरेशंस) के 6 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है. यह नियुक्ति संविदा के आधार पर की जाएगी. इस भर्ती में केवल भारतीय खाद्य निगम (FCI) से सेवानिवृत्त अधिकारी ही आवेदन कर सकते हैं. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 10 सितंबर तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं.

इस पद के लिए FCI से असिस्टेंट ग्रेड-I या इससे ऊपर के पद से सेवानिवृत्त अधिकारी पात्र होंगे. आवेदक के पास अनाज प्रबंधन, डिपो संचालन, स्टॉक मैनेजमेंट और अनाज परिवहन से जुड़े काम का कम से कम 10 से 15 वर्षों का अनुभव होना चाहिए. उम्मीदवार की आयु 65 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए. इसके साथ ही शारीरिक रूप से स्वस्थ होना भी जरूरी है.

चयनित अभ्यर्थियों को झारखंड के किसी भी जिले में तैनात किया जा सकता है. नौकरी की प्रकृति को देखते हुए उम्मीदवार का फील्ड में निरीक्षण करने और काम के सिलसिले में यात्रा करने में सक्षम होना आवश्यक है. आवेदन के साथ अधिकृत मेडिकल अधिकारी द्वारा जारी फिटनेस सर्टिफिकेट भी देना होगा.

अगर निर्धारित 6 पदों से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो झारखंड के मूल निवासियों को प्राथमिकता दी जा सकती है. इसके अलावा झारखंड या तत्कालीन बिहार क्षेत्र में काम करने वाले अधिकारियों और लॉजिस्टिक्स से संबंधित फील्ड पोस्टिंग का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को भी वरीयता मिलने की संभावना है.

चयनित उम्मीदवारों को मानदेय के रूप में अंतिम मूल वेतन में से मूल पेंशन की राशि घटाकर भुगतान किया जाएगा. इसके अलावा नियमानुसार DA, HRA और परिवहन भत्ता भी दिया जाएगा.

नियुक्ति प्रारंभिक रूप से 3 साल के लिए होगी या उम्मीदवार के 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक रहेगी. इन दोनों में जो अवधि पहले समाप्त होगी, उसी के आधार पर संविदा खत्म हो जाएगी. यदि उम्मीदवार का प्रदर्शन संतोषजनक रहता है और विभाग को उसकी सेवा की जरूरत होती है, तो कार्यकाल को एक-एक वर्ष के आधार पर अधिकतम 2 साल तक बढ़ाया जा सकता है.

डिप्टी मैनेजर (ऑपरेशंस) की जिम्मेदारी में FCI के डिपो, गोदाम और राइस मिलों से अनाज के उठाव की निगरानी शामिल होगी. इसके साथ ही डिपो अधिकारियों और जिला प्रशासन के बीच समन्वय करना, अनाज के परिवहन की स्थिति पर नजर रखना तथा किसी भी कमी, देरी या समस्या की रिपोर्ट करना भी उनके काम का हिस्सा होगा.

आवेदन करते समय उम्मीदवारों को CV, अनुभव प्रमाण पत्र, पोस्टिंग से जुड़ी जानकारी, मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र और PPO की स्वहस्ताक्षरित कॉपी जमा करनी होगी. आवश्यकता पड़ने पर जाति और दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी देना होगा.

भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी झारखंड सरकार के खाद्य विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के Recruitments सेक्शन में उपलब्ध है. इच्छुक उम्मीदवार 10 सितंबर की अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.