JTET-2026: बिना Candidate Validation नहीं कर पाएंगे आवेदन, JAC ने जारी किए नए नियम

JAC ने JTET-2026 आवेदन से पहले नया नियम लागू किया है. जिन अभ्यर्थियों का JTET-2024 में दर्ज मोबाइल नंबर या ई-मेल आईडी बंद हो गई है, उन्हें 1 से 4 अगस्त 2026 तक Candidate Validation Process पूरा करना होगा.

JTET-2026: बिना Candidate Validation नहीं कर पाएंगे आवेदन, JAC ने जारी किए नए नियम

रांची (RANCHI): झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने नया नियम लागू किया है जिसमें बताया है कि जो अभ्यर्थी JTET-2026 के लिए आवेदन करने जा रहे है उन्हें नए नियमों का पालन करना होगा. जिन उम्मीदवारों ने JTET-2024 में पंजीकरण कराया था, लेकिन अब उनका पुराना मोबाइल नंबर या ई-मेल आईडी बंद हो गया है, उन्हें सबसे पहले ऑनलाइन Candidate Validation Process पूरा करना होगा. बिना इस सत्यापन प्रक्रिया के ऐसे अभ्यर्थी JTET-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकेंगे. परिषद के अनुसार यह कदम आवेदन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है ताकि सही अभ्यर्थियों को ही आवेदन का अवसर मिल सके.

JAC के अनुसार Candidate Validation Process 1 अगस्त से 4 अगस्त 2026 तक चलेगी. इस दौरान उम्मीदवारों को अपना नया मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी OTP के माध्यम से सत्यापित करना होगा. इसके बाद उन्हें अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी ऑनलाइन भरनी होगी. परिषद इन जानकारियों का मिलान JTET-2024 के रिकॉर्ड से करेगी. यदि सभी विवरण पुराने रिकॉर्ड से पूरी तरह मेल खाते हैं, तभी संबंधित अभ्यर्थी 20 अगस्त से 31 अगस्त 2026 के बीच JTET-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. वहीं, किसी भी जानकारी में गड़बड़ी या असंगति मिलने पर आवेदन की अनुमति नहीं दी जाएगी.

JAC ने स्पष्ट किया है कि यह सत्यापन प्रक्रिया केवल उन्हीं अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य है, जिनका JTET-2024 में दर्ज मोबाइल नंबर या ई-मेल आईडी अब सक्रिय नहीं है. जिन उम्मीदवारों के पुराने संपर्क विवरण अभी भी चालू हैं, उन्हें इस अतिरिक्त प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा. इसके अलावा परिषद ने अभ्यर्थियों को राहत देते हुए कहा है कि JTET-2026 के ऑनलाइन आवेदन के दौरान नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, पता और विषय जैसी जानकारियों में बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के संशोधन करने का अवसर दिया जाएगा. इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे, जिससे उम्मीदवार आवेदन प्रक्रिया को बिना किसी परेशानी के पूरा कर सकें.