रांची के DSPMU के छात्रों को बड़ी राहत, अब घर बैठे डाउनलोड करें रिजल्ट और मार्कशीट

रांची के DSPMU के छात्रों को बड़ी राहत, अब घर बैठे डाउनलोड करें रिजल्ट और मार्कशीट

RANCHI: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) के यूजी और पीजी के 2025 सत्र के विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब उन्हें परीक्षा परिणाम या अन्य शैक्षणिक दस्तावेज प्राप्त करने के लिए विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों के लिए अधिकांश परीक्षा संबंधी सेवाएं पूरी तरह ऑनलाइन कर दी हैं.

नई व्यवस्था के तहत छात्र-छात्राएं घर बैठे अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से ई-समर्थ पोर्टल पर लॉगिन कर एडमिट कार्ड, रिजल्ट और मार्कशीट आसानी से डाउनलोड कर सकेंगे. इसके साथ ही परीक्षा फॉर्म भरने और सेमेस्टर फीस जमा करने की सुविधा भी इसी पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है. इससे विद्यार्थियों का समय बचेगा और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, परीक्षा से जुड़े सभी कार्य अब ई-समर्थ पोर्टल के माध्यम से संचालित किए जा रहे हैं. 2025 सत्र के विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के बाद प्राप्तांक भी इसी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड किए जा रहे हैं. इसके लिए सभी शिक्षकों को अलग-अलग यूजर आईडी उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से वे सीधे विद्यार्थियों के अंक दर्ज कर रहे हैं.

विश्वविद्यालय ने शिक्षकों को निर्देश दिया है कि अंक अपलोड करते समय पूरी सावधानी बरतें. एक बार अंतिम रूप से अंक सबमिट होने के बाद पोर्टल पर उनमें संशोधन की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी. इसलिए मूल्यांकन के दौरान सटीक जानकारी दर्ज करना अनिवार्य किया गया है.

ई-समर्थ पोर्टल शिक्षा मंत्रालय द्वारा उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए विकसित एक आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म है. इसमें 40 से अधिक मॉड्यूल शामिल हैं, जिनकी मदद से प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा फॉर्म, फीस भुगतान, परीक्षा परिणाम, मार्कशीट, छात्रवृत्ति और अन्य प्रशासनिक सेवाओं का संचालन ऑनलाइन किया जाता है.

विश्वविद्यालय ने बताया कि 2025 सत्र के सभी विद्यार्थियों का ई-समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कराया जा चुका है. प्रत्येक विद्यार्थी को एक अलग लॉगिन आईडी प्रदान की गई है, जिसके माध्यम से वे अपनी शैक्षणिक जानकारी, परीक्षा संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ कभी भी ऑनलाइन प्राप्त कर सकते हैं.