झारखंड के इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू, JEE Main के आधार पर ऐसे होगी काउंसिलिंग

झारखंड के सरकारी और सरकारी मान्यता प्राप्त इंजीनियरिंग कॉलेजों में BE और BTech सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए JCECEB ने ऑनलाइन काउंसिलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है. JEE Main स्कोर के आधार पर चार चरणों में काउंसिलिंग होगी. पहला चरण 5 जुलाई से शुरू होगा और अंतिम चरण 11 अगस्त तक चलेगा.

झारखंड के इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू, JEE Main के आधार पर ऐसे होगी काउंसिलिंग

RANCHI: झारखंड के सरकारी और सरकारी मान्यता प्राप्त इंजीनियरिंग कॉलेजों में बीई और बीटेक सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू होने जा रही है. झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने JEE Main स्कोर के आधार पर होने वाले दाखिले का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है. प्रवेश प्रक्रिया चार चरणों में पूरी होगी और अंतिम चरण 11 अगस्त तक चलेगा.

काउंसिलिंग की शुरुआत 5 जुलाई को राज्य मेरिट सूची जारी होने के साथ होगी. पहले चरण में अभ्यर्थी 6 से 9 जुलाई तक अपनी पसंद के कॉलेज और ब्रांच का चयन कर सकेंगे. यदि किसी उम्मीदवार को अपने विकल्पों में बदलाव करना है, तो इसके लिए 10 जुलाई की शाम 5 बजे तक का समय दिया गया है. पहले राउंड का सीट आवंटन 12 जुलाई को जारी किया जाएगा, जबकि 12 से 17 जुलाई के बीच दस्तावेज सत्यापन और संबंधित संस्थानों में नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

दूसरे चरण की प्रक्रिया 17 जुलाई से शुरू होगी, जिसमें नए अभ्यर्थियों से आवेदन लिए जाएंगे. इसके बाद 20 जुलाई को दूसरी राज्य मेरिट सूची जारी की जाएगी और 25 जुलाई को सीट आवंटन का परिणाम घोषित होगा. तीसरे चरण के लिए 29 जुलाई को आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. इस चरण की मेरिट सूची 1 अगस्त को प्रकाशित होगी और 4 अगस्त को सीटों का आवंटन किया जाएगा.

चौथा और अंतिम चरण 6 अगस्त से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलेगा. इस दौरान शेष रिक्त सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. JCECEB ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों का नाम पहले, दूसरे या तीसरे चरण की राज्य मेरिट सूची में शामिल रहेगा, उन्हें अगले चरण के लिए दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी. केवल नए अभ्यर्थियों को संबंधित चरण में नया आवेदन करना होगा.

पर्षद ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे काउंसिलिंग की सभी तिथियों का ध्यान रखें, समय पर अपनी पसंद भरें और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.