रांची (RANCHI): झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में शुक्रवार को विपक्ष के लगातार हंगामे के बीच वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट सदन में पेश किया गया. दोपहर 12:30 बजे कार्यवाही दोबारा शुरू होते ही भाजपा और आजसू के विधायक वेल में पहुंच गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. विपक्षी सदस्य "नौकरी दो, गद्दी छोड़ो" के नारे लगाते हुए JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं समेत विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरते रहे.
हंगामे के बावजूद विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने सदन की कार्यवाही जारी रखी. इस दौरान विभिन्न विधानसभा समितियों की रिपोर्ट सदन के पटल पर रखी गई. इसके बाद वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने 8,399 करोड़ रुपये का पहला अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया.
अनुपूरक बजट में विभिन्न विभागों की अतिरिक्त वित्तीय जरूरतों, चल रही विकास योजनाओं और नई परियोजनाओं के लिए राशि का प्रावधान किया गया है. सरकार का कहना है कि जिन मदों में मूल बजट की राशि पर्याप्त नहीं थी या जहां नई योजनाओं के लिए अतिरिक्त धन की आवश्यकता थी, उन्हें इस अनुपूरक बजट के माध्यम से पूरा किया जाएगा.
विपक्ष की नारेबाजी पूरे समय जारी रही, लेकिन सदन की निर्धारित कार्यवाही पूरी की गई. अनुपूरक बजट पेश होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी. मानसून सत्र के दौरान JPSC-JSSC परीक्षा विवाद, छात्र आंदोलन और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव लगातार तेज होता जा रहा है.
रिपोर्ट : समीर हुसैन

