रांची(RANCHI): राजधानी से एक बड़ी खबर सामने आई है. राज्य के अपर महाधिवक्ता (एडिशनल एडवोकेट जनरल) सचिन कुमार ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने अपना त्यागपत्र आज ही नियुक्त किए गए महाधिवक्ता रोहितश्य रॉय को सौंपा. इस्तीफे के पीछे सचिन कुमार ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है.
सचिन कुमार के इस्तीफे के साथ ही झारखंड के कानूनी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. पिछले 24 घंटों के भीतर राज्य के दो विधिक अधिकारियों के पद छोड़ने से कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं. इससे पहले रविवार को महाधिवक्ता राजीव रंजन ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. उनके इस्तीफे के बाद राज्य सरकार ने अधिवक्ता रोहितश्य रॉय को झारखंड का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया था.
सचिन कुमार लंबे समय से राज्य सरकार के कानूनी मामलों में अपनी भूमिका निभा रहे थे. उनके अचानक इस्तीफे ने विधि विभाग में हलचल बढ़ा दी है. हालांकि उन्होंने अपने निर्णय को पूरी तरह निजी कारणों से जुड़ा बताया है और किसी अन्य कारण का उल्लेख नहीं किया है.
अब यह देखना होगा कि अपर महाधिवक्ता के रिक्त पद पर किसे जिम्मेदारी सौंपी जाती है और क्या आने वाले दिनों में विधि विभाग में और भी बड़े बदलाव देखने को मिलते हैं. फिलहाल, लगातार दो अधिकारियों के इस्तीफों ने चर्चा का माहौल बना दिया है.

