Breaking: प्रेम प्रसंग विवाद में IB अधिकारी ने की आत्महत्या की कोशिश,रांची के निजी अस्पताल में भर्ती
इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एक अधिकारी द्वारा खुद पर चाकू से हमला कर लिया. घटना एयरपोर्ट थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. इस घटना में अधिकारी के हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में चोट आई है. सिल्वेस्टर टोप्पो किसी प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद को लेकर मानसिक रूप से परेशान थे. अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है.
रांची (RANCHI): रांची से बड़ी खबर सामने आ रही है जहाँ एक इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एक अधिकारी द्वारा खुद पर चाकू से हमला कर लिया. घटना एयरपोर्ट थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. इस घटना में अधिकारी के हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में चोट आई है. घायल अधिकारी की पहचान सिल्वेस्टर टोप्पो के रूप में हुई है. उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया.
प्रेम प्रसंग के विवाद में उठाया आत्मघाती कदम
मिली जानकारी के अनुसार, सिल्वेस्टर टोप्पो किसी प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद को लेकर मानसिक रूप से परेशान थे. इसी बात से आहत होकर उन्होंने कथित तौर पर चाकू से खुद पर हमला कर लिया. हमले में उनके शरीर के कई हिस्सों से खून निकलने लगा. घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. फिलहाल इस मामले में विवाद की असली वजह और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.
घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यशैली भी चर्चा में आ गई है. बताया जा रहा है कि घटना की सूचना सबसे पहले डोरंडा थाना पुलिस को दी गई थी. सूचना मिलने के बाद डोरंडा पुलिस ने शुरुआती जांच की. जांच में पता चला कि जिस जगह पर घटना हुई है, वह एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है. इसके बाद मामले की जानकारी एयरपोर्ट थाना पुलिस को दी गई.
थाना प्रभारी ने जताई अनभिज्ञता
हैरानी की बात यह है कि घटना एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में हुई और घायल अधिकारी अस्पताल में भर्ती थे, लेकिन एयरपोर्ट थाना प्रभारी पंकज शर्मा ने मामले की जानकारी होने से इनकार कर दिया. संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि उन्हें इस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है. इसके बाद पुलिस की सूचना व्यवस्था और आपसी तालमेल को लेकर सवाल उठने लगे हैं. अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है.