रांची (RANCHI): झारखंड में लंबे समय से लंबित सूचना आयुक्तों की नियुक्ति का रास्ता अब साफ हो गया है. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज्य सरकार द्वारा भेजे गए सूचना आयुक्तों के पैनल को अपनी मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही राज्य सूचना आयोग में नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है. राज्य सरकार की ओर से अनुमोदन के लिए भेजे गए चारों नामों को राज्यपाल ने स्वीकृति प्रदान कर दी है. स्वीकृत पैनल में अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल नीरज खलखो और शिवपूजन पाठक के नाम शामिल हैं. इन सभी नामों पर सहमति मिलने के बाद अब औपचारिक नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी.
राज्यपाल के प्रधान सचिव नितिन कुलकर्णी ने इस संबंध में राज्य सरकार को आधिकारिक रूप से सूचना दे दी है. राजभवन से स्वीकृति मिलने के बाद अब कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी की जाएगी. सूचना आयुक्तों की नियुक्ति को लेकर पिछले कुछ समय से इंतजार किया जा रहा था. राज्य सूचना आयोग में रिक्त पदों के कारण कई मामलों के निपटारे में देरी की स्थिति भी सामने आ रही थी. ऐसे में नई नियुक्तियों को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
चार नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति होने के बाद सूचना आयोग की कार्यक्षमता में वृद्धि होने की उम्मीद है. साथ ही सूचना के अधिकार (RTI) से जुड़े मामलों के निष्पादन में भी तेजी आने की संभावना जताई जा रही है. अब सभी की नजरें कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा जारी की जाने वाली अधिसूचना पर टिकी हैं, जिसके बाद चारों नाम आधिकारिक रूप से सूचना आयुक्त के पद पर नियुक्त माने जाएंगे.


