बोकारो के डीएसपी साहब हुए बदनाम, बहन की शादी के लिए बीवी से की 25 लाख डिमांड, 8 पर FIR दर्ज
बोकारो CCR DSP राम प्रवेश कुमार की पत्नी ने 25 लाख रुपये की मांग, मारपीट, गला दबाने और कमरे में बंद रखने का आरोप लगाते हुए रांची सदर थाने में FIR दर्ज कराई है.
रांची (RANCHI): कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले एक पुलिस अधिकारी पर उनकी ही पत्नी ने गंभीर घरेलू प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं. बोकारो सीसीआर के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) राम प्रवेश कुमार की पत्नी मनीषा रॉय ने रांची के सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. शिकायत में उन्होंने पति समेत ससुराल के कई लोगों पर 25 लाख रुपये की मांग, मारपीट, गला दबाने, मोबाइल छीनने और कमरे में बंद रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मनीषा रॉय के मुताबिक, उनकी शादी 11 मार्च 2026 को राम प्रवेश कुमार के साथ हुई थी. आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष की ओर से अतिरिक्त पैसों की मांग शुरू हो गई. प्राथमिकी में उन्होंने आरोप लगाया है कि 21 अगस्त की रात बोकारो स्थित सरकारी आवास में पति ने अपनी छोटी बहन की शादी का हवाला देते हुए मायके से 20 से 25 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया. मनीषा के अनुसार, जब उन्होंने पैसे देने में असमर्थता जताई और इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान पति ने उनके साथ मारपीट की और गला दबाने की कोशिश की. शिकायत में चेहरे, छाती और पीठ पर चोट पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है. मनीषा का दावा है कि मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गई थीं.
शिकायत के अनुसार, होश में आने के बाद भी उनकी मुश्किलें कम नहीं हुईं. आरोप है कि उनका मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया गया और उन्हें कमरे से बाहर निकलने नहीं दिया गया. मनीषा ने पुलिस को बताया है कि चोट लगने के बाद उन्हें डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन कथित तौर पर इस दौरान उन्हें किसी को घटना की जानकारी नहीं देने की धमकी दी गई. इसके बाद फिर से कमरे में बंद रखने का आरोप है. शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि उन्हें मायके जाकर 25 लाख रुपये लाने के लिए कहा गया और पैसे नहीं लाने की स्थिति में गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई.
पीड़िता के अनुसार, वह किसी तरह रांची स्थित अपने मायके पहुंचीं और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिवार के लोग उन्हें लेकर सदर थाना पहुंचे, जहां उन्होंने लिखित शिकायत दी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर DSP राम प्रवेश कुमार समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. FIR में सास उर्मिला देवी, ससुर अरविंद कुमार, मामा जनार्दन प्रसाद यादव समेत अन्य लोगों के नाम शामिल किए गए हैं.
घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पीड़िता के परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के साथ-साथ संबंधित साक्ष्यों को भी जुटा रही है. मामला एक पुलिस अधिकारी की पत्नी से जुड़ा होने के कारण इसे हाईप्रोफाइल माना जा रहा है. हालांकि, प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी.