रांची में BJP की पदयात्रा, SIR के विरोध पर कांग्रेस को घेरा, जुएल उरांव और अर्जुन मुंडा ने साधा निशाना

सोमवार को मतदाता सूची के SIR के विरोध को लेकर भाजपा ने विपक्ष पर हमला बोला. भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने और देश में भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया.

रांची में BJP की पदयात्रा, SIR के विरोध पर कांग्रेस को घेरा, जुएल उरांव और अर्जुन मुंडा ने साधा निशाना

रांची(RANCHI): सोमवार को मतदाता सूची के SIR के विरोध को लेकर भाजपा ने विपक्ष पर हमला बोला. भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने और देश में भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया.

‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से पदयात्रा शुरू हुई. यह यात्रा कचहरी होते हुए जेल मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा संग्रहालय तक पहुंची. इस दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में कई तख्तियां थीं..

कांग्रेस पर केंद्रीय मंत्री का हमला

पदयात्रा से पहले हुई सभा में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव में हार के बाद EVM, सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग पर सवाल उठाकर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रही है. उन्होंने 1975 के आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष संसद के बजाय बाहर मॉक पार्लियामेंट चला रहा है.

जुएल उरांव ने आरोप लगाया कि विपक्ष भारत में बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल जैसे हालात पैदा करने का सपना देख रहा है, लेकिन देश का लोकतंत्र और मतदाता मजबूत हैं. उन्होंने झारखंड सरकार पर भी निशाना साधते हुए मंईयां सम्मान योजना को लेकर सवाल उठाए.

राष्ट्र सेवा ही भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान: अर्जुन मुंडा

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि देश में अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों को जनता जवाब दे रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का सबसे बड़ा धर्म राष्ट्र की सेवा करना है. इस दौरान उन्होंने देशभक्ति गीत गाकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा और पदयात्रा जारी रखने की अपील की.

SIR के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा

भाजपा के प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि देश में 1952 से 2025 के बीच 12 बार SIR की प्रक्रिया पूरी की गई है. इनमें से 10 बार कांग्रेस की सरकार के दौरान यह प्रक्रिया हुई. उस समय कांग्रेस ने इसका विरोध नहीं किया, लेकिन अब इसी मुद्दे पर प्रदर्शन कर रही है.

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का विरोध मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया को लेकर नहीं, बल्कि घुसपैठियों को बचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है. भाजपा नेताओं ने कहा कि देश में निष्पक्ष चुनाव और मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदाता सूची का सही होना जरूरी है.