अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर BJP नेताओं ने किया नमन, बाबूलाल बोले- झारखंड गठन का श्रेय अटल जी को

अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर रांची में भाजपा नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. बाबूलाल मरांडी ने अटल जी के देशहित में योगदान और झारखंड गठन में उनकी भूमिका को याद किया.

अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर BJP नेताओं ने किया नमन, बाबूलाल बोले- झारखंड गठन का श्रेय अटल जी को

रांची (RANCHI): झारखंड के निर्माता और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर रविवार को भाजपा नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. विधानसभा परिसर में लगी अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने पुष्प अर्पित किए. इस दौरान नेताओं ने देश के लिए अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे नेता थे, जिनका सम्मान सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष के नेता भी करते थे. उनकी सरलता, विनम्रता और काम करने का तरीका उन्हें दूसरे नेताओं से अलग बनाता था.

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने हमेशा देशहित को सबसे ऊपर रखा. प्रधानमंत्री रहते हुए पोखरण परमाणु परीक्षण का फैसला लेकर उन्होंने दुनिया को भारत की सामरिक ताकत का संदेश दिया. उनका सपना भारत को मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर देश बनाना था. मरांडी ने कहा कि अटल जी ने देश की सेवा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया. उन्होंने झारखंड के गठन में भी उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया. बाबूलाल के मुताबिक, जब अलग झारखंड राज्य के गठन की मांग चल रही थी, तब कई राजनीतिक और अन्य अड़चनें सामने थीं. ऐसे समय में अटल बिहारी वाजपेयी ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अलग राज्य के गठन का रास्ता साफ किया.

पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर आज झारखंड विधानसभा परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री श्री कर्मवीर सिंह जी, मेयर श्रीमती रोशनी खलखो जी, महानगर अध्यक्ष श्री वरुण साहू… pic.twitter.com/Gc8BdR7qlB

— Babulal Marandi (@yourBabulal) August 16, 2026

उन्होंने कहा कि झारखंड के लोगों के लिए अटल बिहारी वाजपेयी का योगदान हमेशा यादगार रहेगा. उनके नेतृत्व में झारखंड को अलग राज्य का दर्जा मिला, इसलिए राज्य के लोग उनके योगदान को कभी नहीं भूल सकते. कार्यक्रम में मेयर रोशनी खलको, पूर्व प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डु, प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा, महानगर अध्यक्ष वरुण कुमार साहू, ललित ओझा, जितेंद्र वर्मा और बलराम सिंह समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.