बड़ी खबर: कौन है 25 लाख का नक्सली टाइगर!जिसकी गिरफ़्तारी से टूट गई मिसिर बेसरा की कमर

रांची(RANCHI): झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षा बल के जवानों को बड़ी कामयाबी मिली है. राज्य का तीसरा सबसे बड़ा नक्सली और टॉप माओवादी मिसिर बेसरा का करीबी अजय महतो उर्फ टाइगर को सुरक्षा बल के जवान और गिरिडीह पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए  गिरफ्तार कर लिया है. अजय महतो पर 25 लाख का इनाम झारखंड पुलिस ने रखा है. साथ ही करीब 200 मुकदमे दर्ज है. देश द्रोह का भी केस अजय महतो पर चल रहा है.

बताया जा रहा है कि सुरक्षा बल के जवानों को सूचना मिली की 25 लाख का इनामी नक्सली अजय महतो गिरिडीह जिला के बीहड़ में मौजूद है. जिसके बाद सुरक्षा बल के जवानों ने एक स्पेशल अभियान की शुरुआत की. इस अभियान में शुक्रवार की सुबह नक्सली अजय महतो को सुरक्षा बल के जवानों ने गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार करने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है.नक्सल नेटवर्क से जुड़ी कई जानकारी जुटाने की कोशिश है. साथ ही कुख्यात मिसिर मेसरा के बारे में भी सुरक्षा बल के जवान जानने की कोशिश कर रहे है.

अजय महतो माओवादियों की बिहार झारखंड स्पेशल एरिया कमिटी का सक्रिय सदस्य है. इसपर हत्या लूट,लेवी और पुलिस पर हमले के 200 के करीब मुकदमे दर्ज है. ऐसे में कई केस और कई जानकारी ऐसी है जिसे जानने के बाद सुरक्षा बल के जवानों का अभियान फिर शुरू हो सकता है. जंगल में हथियार,पैसे और अन्य नक्सलियों का पता खंगालने की कोशिश की जा रही है. माना जा रहा है कि इस पूछताछ में कई अहम जानकारी सामने आएगी. जिसके बाद इससे जुड़ी जानकारी सबके सामने रखी जाएगी.

बता दे कि अजय महतो उर्फ टाइगर मूल रूप से गिरिडीह जिला के पिरटांड का रहने वाला है.इसी इलाके में एक करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा का भी घर है. ऐसे में माना जाता है कि मिसिर बेसरा का टाइगर बेहद करीबी हो सकता है. बेसरा की कई जानकारी इससे पूछताछ में सुरक्षा बल के जवानों को मिल सकती है. मिसिर बेसरा अभी कहां है  और क्या संगठन में क्या चल रहा है. इसकी पूरी जानकारी अजय के  पास मौजूद हो सकती है. क्योंकि झारखंड में मिसिर बेसरा,असीम मण्डल के बाद अजय महतो का नाम नक्सलवाद के लिए सामने आता है. और झारखंड पुलिस की लिस्ट में भी इसे तीसरे नंबर पर रखा गया है.