बड़ी खबर: झारखंड के 2.55 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंची दो महीने की पेंशन, सरकार ने जारी किए 51 करोड़ रुपये
रांची जिले के 2.55 लाख से अधिक पेंशनधारियों के खाते में अक्टूबर और नवंबर 2026 की पेंशन भेजी गई. सरकार ने DBT के जरिए 51.10 करोड़ रुपये का भुगतान किया.
रांची (RANCHI): झारखंड में सामाजिक सुरक्षा पेंशन का इंतजार कर रहे लाभुकों के लिए राहत भरी खबर है. रांची जिले के 2.55 लाख से अधिक पेंशनधारियों के बैंक खातों में अक्टूबर और नवंबर 2026 की पेंशन राशि भेज दी गई है. जिला प्रशासन के मुताबिक, सर्वजन पेंशन योजना के तहत कुल 2,55,534 लाभुकों को दो महीने की पेंशन का भुगतान किया गया है. इसके लिए सरकार की ओर से 51 करोड़ 10 लाख 68 हजार रुपये जारी किए गए हैं. पूरी राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे लाभुकों के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई है. इस भुगतान से जिले के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के पेंशनधारियों को लाभ मिला है.
जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, जिले के अलग-अलग प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में रहने वाले पात्र लाभुकों को पेंशन की राशि उपलब्ध कराई गई है. इनमें अनगड़ा के 10,311, अरगोड़ा शहरी क्षेत्र के 9,368, बरगाईं शहरी क्षेत्र के 5,188, बेड़ो के 14,142, बुंडू के 9,034 और बुंडू नगर पंचायत के 2,753 लाभुक शामिल हैं. इसी तरह बुढ़मू में 11,055, चान्हो में 12,461, हेहल शहरी क्षेत्र में 7,541, इटकी में 5,568, कांके में 17,027 और कांके शहरी क्षेत्र में 340 पेंशनधारियों को राशि भेजी गई है.
वहीं खलारी के 5,214, लापुंग के 7,164, मांडर के 16,115, नगड़ी के 8,259, नगड़ी शहरी क्षेत्र के 6,800, नामकुम के 10,136 और नामकुम शहरी क्षेत्र के 5,733 लाभुकों को पेंशन का भुगतान किया गया है. ओरमांझी के 8,157, राहे के 9,189, रांची टाउन शहरी क्षेत्र के 13,099, रातू के 10,756, सिल्ली के 15,683, सोनाहातू के 13,752 और तमाड़ के 20,689 पेंशनधारियों के बैंक खातों में भी दो महीने की राशि भेजी गई है.
सर्वजन पेंशन योजना का उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है. इसके तहत पात्र बुजुर्गों, विधवा एवं एकल महिलाओं, दिव्यांगजनों समेत निर्धारित श्रेणियों के लोगों को पेंशन दी जाती है. योजना के जरिए जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल देने और उनके जीवन में सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है.
इधर, जिला प्रशासन ने उन पेंशनधारियों को जरूरी सलाह दी है, जिनके बैंक खातों में अब तक अक्टूबर और नवंबर की पेंशन राशि नहीं पहुंची है. ऐसे लाभुकों को अपने बैंक खाते में आधार सीडिंग कराने को कहा गया है. आधार सीडिंग पूरी नहीं होने की स्थिति में DBT के जरिए भुगतान में परेशानी आ सकती है. प्रशासन ने लाभुकों से बैंक जाकर आधार सीडिंग की स्थिति की जांच कराने की अपील की है, ताकि पेंशन भुगतान में किसी तरह की बाधा न रहे और सभी पात्र लोगों तक योजना का लाभ पहुंच सके.