बड़ी खबर : ED के सामने आज पेश नहीं होंगे रोहित उरांव, पूछताछ से पहले मांगा समय

बड़ी खबर : ED के सामने आज पेश नहीं होंगे रोहित उरांव, पूछताछ से पहले मांगा समय

रांची (RANCHI): झारखंड के चर्चित शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और राज्य के पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव सोमवार को ED के समक्ष पूछताछ के लिए पेश नहीं होंगे. जानकारी के मुताबिक उन्होंने एजेंसी से पेशी के लिए अतिरिक्त समय मांगा है. इसके बाद अब संभावना जताई जा रही है कि ED उन्हें नई तारीख के साथ दोबारा समन जारी कर सकती है.

बताते चलें कि केंद्रीय जांच एजेंसी ED ने 25 जून को शराब घोटाला मामले की जांच के सिलसिले में पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव और उनके बेटे रोहित उरांव को समन जारी किया था. एजेंसी ने रोहित उरांव को 30 जून को रांची स्थित अपने जोनल कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया था. साथ ही पूछताछ के दौरान कुछ जरूरी दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य संबंधित कागजात भी साथ लाने को कहा गया था.

दरअसल रोहित उरांव ने ED को सूचित किया है कि वह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के कारण सोमवार यानि कि आज पूछताछ में शामिल नहीं हो पाएंगे. उन्होंने एजेंसी से नई तारीख देने का अनुरोध किया है. ऐसे में उम्मीद है कि ED उनके अनुरोध पर विचार करने के बाद जल्द ही नया समन जारी कर सकती है.

बता दें कि शराब घोटाला मामले की जांच के दौरान ED ने पहले रामेश्वर उरांव, रोहित उरांव और कुछ अन्य लोगों के ठिकानों पर छापेमारी भी की थी. जांच के दौरान मिले कुछ दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े तथ्यों के आधार पर एजेंसी दोनों से पूछताछ करना चाहती है. इस मामले में ED धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत जांच कर रही है और शराब कारोबार से जुड़े संभावित आर्थिक संबंधों की पड़ताल कर रही है. वहीं, पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव की निर्धारित पेशी को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. अब सभी की नजर ED की अगली कार्रवाई और नए समन पर टिकी हुई है.