बड़ी खबर: JSSC CGL पेपर लीक मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, 10 आरोपियों के खिलाफ 5200 पन्नों की पूरक चार्जशीट दाखिल

झारखंड में JSSC CGL पेपर लीक मामले की जांच कर रही CID ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. जांच एजेंसी ने मामले में 10 आरोपियों के खिलाफ करीब 5200 पन्नों की विस्तृत पूरक चार्जशीट अदालत में दाखिल की है. इसमें झारखंड और बिहार के आरोपी शामिल हैं. CID ने पूरक आरोप पत्र संख्या 28/26 के तहत यह रिपोर्ट अदालत को सौंपी है.

बड़ी खबर: JSSC CGL पेपर लीक मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, 10 आरोपियों के खिलाफ 5200 पन्नों की पूरक चार्जशीट दाखिल

रांची(RANCHI): झारखंड में JSSC CGL पेपर लीक मामले की जांच कर रही CID ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. जांच एजेंसी ने मामले में 10 आरोपियों के खिलाफ करीब 5200 पन्नों की विस्तृत पूरक चार्जशीट अदालत में दाखिल की है. इसमें झारखंड और बिहार के आरोपी शामिल हैं. CID ने पूरक आरोप पत्र संख्या 28/26 के तहत यह रिपोर्ट अदालत को सौंपी है.

सिंडिकेट के नेटवर्क का किया खुलासा

जांच के दौरान CID को पेपर लीक से जुड़े एक अंतरराज्यीय गिरोह की जानकारी मिली थी. इस गिरोह के सदस्य झारखंड और बिहार में सक्रिय थे. जांच एजेंसी ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर कई लोगों को गिरफ्तार किया था. अब तक जुटाए गए सबूतों के आधार पर 10 लोगों को आरोपी बनाया गया है.

इस चार्जशीट में देवघर के मार्गोमुंडा निवासी सुषमा उर्फ सुषमा तिवारी, अक्षय तिवारी और अभय तिवारी के नाम शामिल हैं. इनके अलावा धनबाद के राजगंज निवासी विजय तिवारी, धनबाद टाउन निवासी दीपक, गिरिडीह के बेंगाबाद निवासी समीर और बिहार के सारण निवासी आनंद सिंह के खिलाफ भी आरोप पत्र दाखिल किया गया है.

साक्ष्य मिटाने के मामले में तीन और आरोपी

CID ने पेपर लीक से जुड़े सबूत मिटाने के आरोप में तीन और लोगों को भी अभियुक्त बनाया है. इनमें बिहार के रोहतास निवासी सोमांश प्रकाश, वैशाली निवासी राहुल कुमार और बोकारो के दुग्दा निवासी उमेश कुमार राय शामिल हैं.

तकनीकी और वित्तीय सबूतों को बनाया आधार

करीब 5200 पन्नों की इस पूरक चार्जशीट में CID ने आरोपियों के बीच संपर्क, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, बैंक खातों में हुए लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों का जिक्र किया है. इसके साथ ही आरोपियों के इकबालिया बयानों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है.

चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब अदालत में मामले की आगे की सुनवाई और न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.