रांची (RANCHI): झारखंड के चर्चित जमीन घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची के जमीन कारोबारी कमलेश कुमार सिंह की करीब 66 एकड़ जमीन अस्थायी रूप से अटैच कर दी है. एजेंसी के अनुसार जब्त की गई इस संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 85 करोड़ रुपये है. ईडी की इस कार्रवाई के बाद राज्य में जमीन घोटाले की जांच ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है.
ईडी की जांच में सामने आया है कि कमलेश कुमार सिंह ने रांची के कांके और नगड़ी अंचल में स्थित कई भूखंडों से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार कराए थे. इन्हीं कथित जाली कागजात के आधार पर जमीन की खरीद-बिक्री का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था. लंबे समय से एजेंसी इन सौदों और उनसे जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही थी. जांच के दौरान यह भी पता चला कि 66 एकड़ जमीन में से कुछ हिस्सों की बिक्री पहले ही कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर की जा चुकी थी. वहीं, शेष जमीन का सौदा पूरा होने से पहले ही ईडी ने कार्रवाई करते हुए पूरी संपत्ति को अटैच कर दिया, ताकि आगे किसी प्रकार का लेन-देन न हो सके.
इस मामले में ईडी पहले ही कमलेश कुमार सिंह और अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है. एजेंसी अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस कथित जमीन घोटाले में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा फर्जी दस्तावेजों के जरिए कितनी संपत्तियों का अवैध लेन-देन किया गया. ईडी का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

