बड़ी खबर: रांची के बुढ़मू में बालू घाट पर गोलीबारी और आगजनी का दावा, राहुल दुबे गैंग ने ली जिम्मेदारी
बुढ़मू थाना क्षेत्र के छापर गांव स्थित बालू घाट पर गोलीबारी और आगजनी की घटना सामने आई है. बालू घाट पर अपराधियों ने कथित तौर पर 8 से 10 राउंड गोलियां चलाईं. इस घटना के बाद गैंगस्टर राहुल दुबे गैंग के नाम से सोशल मीडिया पर एक प्रेस रिलीज जारी की गई है. इसमें बालू घाट पर गोलीबारी करने और लोडर में आग लगाने की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है.
रांची (RANCHI): जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है जहां बुढ़मू थाना क्षेत्र के छापर गांव स्थित बालू घाट पर गोलीबारी और आगजनी की घटना सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, बालू घाट पर अपराधियों ने कथित तौर पर 8 से 10 राउंड गोलियां चलाईं. इसके बाद बालू लोडिंग के काम में लगी जेसीबी मशीन में आग लगा दी गई. हालांकि, पुलिस ने अब तक गोलीबारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. खलारी के डीएसपी रामनारायण चौधरी के अनुसार, जेसीबी में आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट की आशंका भी है. घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी और बुढ़मू पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस फिलहाल आग लगने के कारणों और गोलीबारी से जुड़े दावों की जांच कर रही है.
इस घटना के बाद गैंगस्टर राहुल दुबे गैंग के नाम से सोशल मीडिया पर एक प्रेस रिलीज जारी की गई है. इसमें बालू घाट पर गोलीबारी करने और लोडर में आग लगाने की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. पोस्ट में सुधीर सिंह और राजू राय पर गैंग की बातों को अनदेखा करने का आरोप लगाया गया है. साथ ही कहा गया है कि जब तक समझौता नहीं होता, तब तक बालू घाट पर काम बंद रखा जाए. सोशल मीडिया पोस्ट में घाट पर काम करने वाले कर्मचारियों, मुंशी और ड्राइवरों को भी धमकी दी गई है. इसके अलावा कोयला, बालू और जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों के परिवारों को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी देने का भी दावा किया गया है. हालांकि, सोशल मीडिया पर किए गए इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस के मुताबिक, राहुल दुबे गैंग लातेहार से अपना नेटवर्क संचालित करता है और उस पर इलाके के ठेकेदारों व कारोबारियों से लेवी मांगने के आरोप लगते रहे हैं. ऐसे में छापर बालू घाट की घटना को लेकर गैंग की ओर से जिम्मेदारी लेने वाले पोस्ट की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वास्तव में गोलीबारी हुई थी या नहीं और जेसीबी में आग किन परिस्थितियों में लगी. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.