बड़ी खबर: रिम्स जमीन घोटाला मामले में IAS समेत सात अधिकारियों के ठिकानों पर ACB का एक्शन, कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू

रिम्स की अधिग्रहित 9.65 एकड़ जमीन से जुड़े कथित घोटाले में ACB ने IAS मनोज कुमार रंजन और SDO मनोज कुमार समेत सात अधिकारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है.

बड़ी खबर: रिम्स जमीन घोटाला मामले में IAS समेत सात अधिकारियों के ठिकानों पर ACB का एक्शन, कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू

रांची (RANCHI): झारखंड में रिम्स की अधिग्रहित जमीन से जुड़े कथित घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने अपनी जांच तेज कर दी है. शुक्रवार की सुबह एसीबी की अलग-अलग टीमें आईएएस मनोज कुमार रंजन, एसडीओ मनोज कुमार समेत सात अधिकारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही हैं. इस दौरान अधिकारियों के आवास और अन्य ठिकानों पर पहुंचकर जमीन से संबंधित कागजात, सरकारी रिकॉर्ड और दूसरे महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की जा रही है. यह पूरी कार्रवाई रिम्स के लिए अधिग्रहित 9.65 एकड़ जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री और रिकॉर्ड में छेड़छाड़ के मामले में हो रही है.

गौरतलब है कि गुरुवार को एसीबी ने इस मामले में बेरमो के एसडीओ मनोज कुमार को गिरफ्तार किया था. मनोज कुमार पूर्व में बड़गाई अंचल अधिकारी (सीओ) के पद पर तैनात रह चुके हैं. वहीं, इससे पहले 17 नवंबर की रात एसीबी ने आईएएस मनोज कुमार रंजन समेत छह अन्य अधिकारियों को गिरफ्तार किया था. इनमें तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता (एलआरडीसी), तीन जिला अवर निबंधक और दो अंचल अधिकारी शामिल हैं. जांच एजेंसी को संदेह है कि इन अधिकारियों ने अपने पद का इस्तेमाल करते हुए जमीन की अवैध खरीद-बिक्री, रजिस्ट्री और सरकारी दस्तावेजों में कथित हेरफेर में भूमिका निभाई. फिलहाल छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है.

मोरहाबादी और कोकर की 9.65 एकड़ जमीन पर विवाद
पूरा मामला रिम्स के लिए अधिग्रहित 9.65 एकड़ जमीन से संबंधित है. इसमें मोरहाबादी मौजा की लगभग आठ एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ जमीन शामिल है. आरोप है कि सरकारी उपयोग के लिए अधिग्रहित इस जमीन को फर्जी कागजात और राजस्व रिकॉर्ड में बदलाव के जरिए निजी संपत्ति के रूप में दिखाने का प्रयास किया गया. जांच के दौरान जमीन की रजिस्ट्री, दाखिल-खारिज, पावर ऑफ अटॉर्नी और अन्य दस्तावेजों में कथित गड़बड़ियों की भी जानकारी सामने आई. इसी जमीन के एक हिस्से पर अवैध निर्माण कराए जाने का मामला भी सामने आया था. बाद में न्यायिक प्रक्रिया के तहत संबंधित निर्माण को हटाया गया.

हाईकोर्ट के निर्देश पर ACB ने दर्ज की थी FIR
रिम्स जमीन प्रकरण में झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के बाद एसीबी ने 5 जनवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी. जांच आगे बढ़ने के साथ ही राजस्व विभाग, निबंधन विभाग और अंचल कार्यालयों में तैयार किए गए दस्तावेज एजेंसी के रडार पर आ गए. इसके बाद एक-एक कर अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल की गई और गिरफ्तारियां शुरू हुईं. अब सात अधिकारियों के ठिकानों पर एक साथ हो रही छापेमारी को इसी जांच की अगली महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है.

एसीबी अब गिरफ्तार अधिकारियों से पूछताछ के साथ जब्त दस्तावेजों और सरकारी रिकॉर्ड का मिलान कर रही है. एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि अधिग्रहित जमीन के स्वामित्व और दस्तावेजों में बदलाव किस स्तर पर और किन लोगों की मिलीभगत से किया गया. आने वाले दिनों में इस मामले में कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है. हालांकि, सभी आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी.