बड़ी खबर: स्वतंत्रता दिवस पर झारखंड पुलिस के 29 जांबाज होंगे सम्मानित, 3 IPS भी शामिल
स्वतंत्रता दिवस पर झारखंड पुलिस के 29 अधिकारियों और जवानों को विशिष्ट सेवा, वीरता और सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा. इनमें 3 IPS अधिकारी और 5 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं.
रांची (RANCHI): स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झारखंड पुलिस के 29 अधिकारियों और कर्मियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा. गृह विभाग की ओर से जारी सूची में विशिष्ट सेवा, वीरता और सराहनीय सेवा के लिए अलग-अलग श्रेणियों में पुलिसकर्मियों के नाम शामिल किए गए हैं. इस बार सम्मान पाने वालों में तीन आईपीएस अधिकारी और पांच महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं.
ASI कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ को राष्ट्रपति पदक
विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक जैप-1 में तैनात एएसआई कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ को दिया जाएगा. वहीं, वीरता के लिए पांच पुलिसकर्मियों का चयन किया गया है. इनमें लातेहार जिला के सब इंस्पेक्टर विनय कुमार, आईआरबी-4 लातेहार के एएसआई प्रमोद कुमार राय, लातेहार जिला बल के आरक्षी वेद प्रकाश महतो और रामचंद्र कुमार महतो तथा आईआरबी-1 जामताड़ा के आरक्षी कृष्णा मुर्मू शामिल हैं.
तीन IPS समेत 23 को सराहनीय सेवा पदक
सराहनीय सेवा के लिए चुने गए 23 अधिकारियों और पुलिसकर्मियों में तीन आईपीएस अधिकारी शामिल हैं. इनमें आईजी रेल डॉ. माईकेलराज एस, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात आईपीएस अन्नेपु विजयालक्ष्मी और डीआईजी कोल्हान अनुरंजन किस्पोट्टा का नाम शामिल है. इसके अलावा स्पेशल ब्रांच के डीएसपी नीरज कुमार, वायरलेस के इंस्पेक्टर अरूण कुमार, एसटीएफ के इंस्पेक्टर मनोज कुमार राय और आईटीएस रांची के इंस्पेक्टर असित कुमार मोदी को भी सराहनीय सेवा के लिए पदक दिया जाएगा. एसटीएफ के एएसआई अरविंद कुमार पालित, वशिष्ठ कुंवर, संजीव कुमार झा और विजय कुमार भी सम्मानित होंगे. वहीं रांची जिला के एएसआई दीपक पुंज और सीआईडी के एएसआई महेंद्र महतो को भी इस सूची में जगह मिली है.
पांच महिला पुलिसकर्मियों को भी मिलेगा सम्मान
इस बार पदक पाने वालों में पांच महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं. जैप-10 होटवार की महिला आरक्षी मान्ती खलखो, प्रभा देवी और महिला हवलदार रंजिता कुजूर को सराहनीय सेवा पदक दिया जाएगा. इसके अलावा जैप-10 की महिला आरक्षी पुष्पा ओड़ेया भी सम्मानित होंगी. एसटीएफ के हवलदार इकबाल, बिन्दराय मुंडरी और विजय थापा को भी सराहनीय सेवा के लिए पदक मिलेगा. इसके साथ ही गढ़वा के आरक्षी विदेशी मांझी, चतरा के आरक्षी अजय कुमार दूबे और गुमला के आरक्षी दीपक कुमार सिंह का नाम भी सम्मानित होने वालों की सूची में है.
स्वतंत्रता दिवस पर होने वाला यह सम्मान समारोह पुलिस अधिकारियों और जवानों की मेहनत, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को सम्मान देने का अवसर होगा. विशिष्ट सेवा से लेकर वीरता और लंबे समय की सराहनीय सेवा तक, अलग-अलग क्षेत्रों में योगदान देने वाले इन 29 पुलिसकर्मियों को 15 अगस्त के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा.