BIG BREAKING: JSSC CGL अभ्यर्थियों को मिली बड़ी राहत, हाईकोर्ट ने नियुक्तियां रद्द करने का सरकारी आदेश किया खारिज
झारखंड हाईकोर्ट ने JSSC CGL परीक्षा और नियुक्तियों को रद्द करने के राज्य सरकार के आदेश को खारिज कर दिया है. फैसले से हजारों सफल अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है.
रांची (RANCHI): झारखंड के बहुचर्चित JSSC CGL परीक्षा विवाद में सफल अभ्यर्थियों को बड़ी कानूनी राहत मिली है. झारखंड हाईकोर्ट ने कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (CGL) परीक्षा और इसके तहत हुई नियुक्तियों को सामूहिक रूप से रद्द करने के राज्य सरकार के फैसले को निरस्त कर दिया है. न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने सरकार के रद्दीकरण संबंधी आदेश को खारिज करते हुए सफल उम्मीदवारों के पक्ष में फैसला सुनाया है. इस निर्णय से उन हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिली है, जिनकी नियुक्तियां और भविष्य सरकार के फैसले के बाद अनिश्चितता में पड़ गए थे.
क्या था पूरा विवाद?
दरअसल, JSSC CGL परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. मामले की जांच CID को सौंपी गई थी. जांच रिपोर्ट और अभ्यर्थियों के आंदोलन का हवाला देते हुए राज्य सरकार ने पूरी परीक्षा प्रक्रिया और इसके आधार पर हुई नियुक्तियों को रद्द करने का निर्णय लिया था. सरकार के इस कदम के खिलाफ सफल अभ्यर्थी आकाश गौरव समेत अन्य उम्मीदवारों ने झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. याचिकाकर्ताओं ने सरकार के फैसले को चुनौती देते हुए कहा था कि कथित गड़बड़ियों के लिए सभी अभ्यर्थियों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता.
निर्दोष अभ्यर्थियों को सामूहिक सजा देने पर उठे सवाल
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से दलील दी गई कि CID जांच में संदिग्ध लोगों की पहचान की गई है. ऐसे में दोषी और निष्पक्ष तरीके से परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों के बीच अंतर करना संभव है. कुछ अभ्यर्थियों की कथित गड़बड़ी के कारण पूरी चयन प्रक्रिया और नियुक्तियों को रद्द करना उन युवाओं के साथ अन्याय होगा, जिन्होंने मेहनत और योग्यता के आधार पर सफलता हासिल की है. दूसरी ओर, राज्य सरकार ने अदालत में सीलबंद रिपोर्ट पेश करते हुए परीक्षा में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं और पूरी व्यवस्था में खामियों का पक्ष रखा था.
सुनवाई के दौरान अदालत ने प्रश्नपत्र लीक के पुख्ता और आधिकारिक साक्ष्यों को लेकर भी सवाल उठाए थे. अब अदालत ने सरकार के सामूहिक रद्दीकरण के फैसले को निरस्त कर दिया है. इससे पूर्व में चयनित सफल अभ्यर्थियों और नियुक्ति प्राप्त उम्मीदवारों को बड़ी राहत मिली है.
CID जांच रहेगी जारी, विस्तृत आदेश का इंतजार
हाईकोर्ट के फैसले के बाद CGL परीक्षा से जुड़े कथित धांधली के मामले की CID जांच पर रोक नहीं लगी है. जांच एजेंसी अपनी कार्रवाई जारी रखेगी और दोषियों की पहचान की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. हालांकि, अदालत के विस्तृत आदेश की प्रति अभी आनी बाकी है. ऐसे में सभी पक्षों की नजरें डिटेल ऑर्डर पर टिकी हैं. इसमें अदालत की विस्तृत टिप्पणियों और फैसले के प्रभाव से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें स्पष्ट होंगी. फिलहाल इस फैसले को झारखंड के सफल CGL अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत और अपने अधिकारों की कानूनी लड़ाई में अहम जीत के रूप में देखा जा रहा है.